रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, 950 से बढ़कर 2160 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए टर्मिनल भवन के पुनर्विन्यास और विस्तार की योजना ...और पढ़ें

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रांची एयरपोर्ट के विस्तार से यात्रियों को मिलेगी अधिक जगह और आराम।
सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र को बढ़ाकर 6,480 वर्गमीटर करने का प्रस्ताव।
जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर विमान का इंतजार करने वाले यात्रियों को भविष्य में अधिक जगह और आराम मिल सकेगा। बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए टर्मिनल भवन के पुनर्विन्यास और विस्तार की योजना तैयार की गई है। इसके तहत घरेलू सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र को 6,480 वर्गमीटर तक बढ़ाने का प्रस्ताव है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इससे व्यस्त समय में यात्रियों को संभालने की क्षमता बढ़कर 2,160 हो जाएगी। योजना लागू होने से भीड़ के दौरान बैठने और आवाजाही की व्यवस्था और बेहतर होगी। वर्तमान क्षमता लगभग 950 यात्रियों को संभालने की है। गत एक माह में टर्मिनल में 100 नई कुर्सियां लगाई गई हैं। टर्मिनल में बदलावों से बैठने की क्षमता में करीब 150 यात्रियों का इजाफा हुआ है।
6,480 वर्गमीटर होगा सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोट्र प्रबंधन के अनुसार रांची एयरपोर्ट के टर्मिनल के पुनर्विन्यास और विस्तार की योजना तैयार की गई है। घरेलू सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र को 6,480 वर्गमीटर करने का प्रस्ताव है।
इससे व्यस्त समय में यात्री संभालने की क्षमता 2,160 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। विस्तार होने पर यात्रियों को बैठने और आवाजाही के लिए अधिक स्थान मिल सकेगा। योजना में पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और दो अतिरिक्त विमान पार्किंग एप्रन भी शामिल हैं। इनसे परिचालन क्षमता बेहतर होने की उम्मीद है।
सुरक्षा जांच के बाद मिलेगा अधिक स्थान
सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र वह हिस्सा है, जहां यात्री जांच पूरी करने के बाद बोर्डिंग का इंतजार करते हैं। इस क्षेत्र के विस्तार से एक ही समय में कई उड़ानों के यात्रियों के पहुंचने पर जगह की उपलब्धता बढ़ेगी। बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों, बुजुर्गों और विशेष सहायता की जरूरत वाले यात्रियों को अधिक आराम मिल सकेगा। उड़ान में देरी होने पर भी पर्याप्त प्रतीक्षा स्थान उपयोगी होगा।
एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा में बढोत्तरी हुई है। टर्मिनल भवन के बाहर और अंदर यात्रियों को बैठने के लिए नयी कुर्सियां लगायी गई है। अभी वेटिंग एरिया में 950 की क्षमता है, जिसे बढ़ा कर 2160 करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
-विनोद कुमार, निदेशक, रांची एयरपोर्ट।
यह भी पढ़ें- रांची में विकास की रफ्तार: पांच वार्ड में सड़क-नाली निर्माण के लिए 1.23 करोड़, अतिक्रमण व पार्क शुल्क वसूली पर सख्ती
