रांची में विकास की रफ्तार: पांच वार्ड में सड़क-नाली निर्माण के लिए 1.23 करोड़, अतिक्रमण व पार्क शुल्क वसूली पर सख्ती
रांची नगर निगम शहर में विकास कार्यों को गति दे रहा है, जिसमें 1.23 करोड़ की लागत से पांच वार्डों ...और पढ़ें

1.23 करोड़ की लागत से पांच वार्डों में सड़क-नाली निर्माण जल्द।
HighLights
पांच वार्डों में 1.23 करोड़ के विकास कार्य शुरू।
धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र से 30 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए।
सात पार्क संचालकों पर बकाया वसूली, ब्लैकलिस्ट की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, अतिक्रमण पर सख्ती और राजस्व वसूली के लिए ताबड़तोड़ कदम उठाए जा रहे हैं। मिसिर गोंदा, जुमन कालोनी और बूटी बस्ती सहित पांच वार्डों में 1.23 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली और पुलिया निर्माण की योजनाएं शुरू कर दी गई हैं, जिनके लिए निविदाएं जारी हो चुकी हैं।
इसके साथ ही, निगम शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा है और अरगोड़ा चौक स्थित ऑटो स्टैंड की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
शहर के पार्कों के संचालन में लापरवाही और बकाया राशि को लेकर भी निजी एजेंसियों पर शिकंजा कसा गया है, जिससे यह स्पष्ट है कि रांची नगर निगम विकास और व्यवस्था दोनों मोर्चों पर पूरी सक्रियता से काम कर रहा है।
मिसिर गोंदा, जुमन कालोनी और बूटी बस्ती में बनेंगी सड़कें-नालियां
मिसिर गोंदा, जुमन कालोनी और बूटी बस्ती समेत पांच वार्डों में सड़क, नाली और पुलिया निर्माण पर 1.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रांची नगर निगम ने सात योजनाओं की निविदा जारी की है।
वार्ड दो के मिसिर गोंदा में सड़क व पुलिया और भीठा में आरसीसी नाली बनेगी। वार्ड तीन में वीवीपीएस स्कूल के पीछे सड़क, पुलिया व पेवर ब्लाक का काम होगा। वार्ड चार के जुमन कालोनी में आरसीसी नाली और वार्ड पांच की बूटी बस्ती में सड़क व नाली बनाई जाएगी। वार्ड 50 में वीके क्रिकेट क्लब के पास पीसीसी सड़क का निर्माण होगा।
योजनाओं को पूरा करने के लिए 60 से 90 दिनों की अवधि तय की गई है। इच्छुक संवेदक 26 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक निविदा जमा कर सकते हैं। निविदा 27 अक्टूबर को खोली जाएगी।
अरगोड़ा चौक के सामने ऑटो स्टैंड की नीलामी 22 अक्टूबर को
रांची नगर निगम अरगोड़ा चौक मैदान के सामने स्थित ऑटो स्टैंड को पट्टे पर देने के लिए आनलाइन नीलामी कराएगा। इसके लिए 13 अक्टूबर को सूचना जारी की गई है। नीलामी 22 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक होगी।
नगर निगम ने आटो स्टैंड की शुरुआती बोली 24,20,012 रुपये निर्धारित की है। इच्छुक बोलीदाताओं को अग्रिम जमानत राशि के रूप में 6,05,003 रुपये जमा करने होंगे। यह राशि जमा करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर तय की गई है। इसलिए इच्छुक बोलीदाताओं को नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।
वेबसाइट पर कराना होगा पंजीकरण: नीलामी में शामिल होने के लिए इच्छुक व्यक्ति और फर्म को एमएसटीसी की ई-नीलामी वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा। नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी भी इसी वेबसाइट पर उपलब्ध है। नीलामी से पहले स्थल का निरीक्षण कर सकते हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि संबंधित संशोधन अथवा अतिरिक्त सूचना वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी।
पार्क संचालकों पर शिकंजा, 10 दिन में बकाया नहीं चुकाया तो ब्लैकलिस्ट
रांची नगर निगम ने पार्कों का संचालन कर रहे निजी एजेंसियों पर बकाया राशि की वसूली के लिए सख्ती बढ़ा दी है। निगम ने सात पार्कों के संचालकों को 10 दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया है।
निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर संबंधित संचालकों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बाजार शाखा के पदाधिकारियों और पार्क संचालकों के साथ हुई बैठक में बकाया राजस्व की समीक्षा की गई।
इसमें सामने आया कि विभिन्न पार्कों का संचालन कर रही निजी एजेंसियों पर निगम की लाखों रुपये की राशि बकाया है। अपर नगर आयुक्त ने इसे निगम के राजस्व की क्षति बताते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इन सात पार्कों के संचालकों पर बकाया
- मोरहाबादी चिल्ड्रेन पार्क: मेसर्स वियाली इंफ्राटेक
- कृष्णा सिंह पार्क, डोरंडा: मेसर्स हरिओम कंस्ट्रक्शन
- हरमू पार्क: मेसर्स अमरूदा
- रामदयाल मुंडा पार्क: मेसर्स विश्वा एंटरप्राइजेज
- मोरहाबादी निगम पार्क: मो. ऐजाज
- पटेल पार्क: मेसर्स इंडीक्राफ्ट
- क्लासिक पार्क: मेसर्स पंकज कुमार
लंबित निविदा जल्द पूरी करने का निर्देश
अपर नगर आयुक्त ने बाजार शाखा को उन पार्कों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया, जिनकी निविदा अब तक नहीं हुई है। साथ ही निगम की खाली जमीन का बेहतर उपयोग करने और शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए पीपीपी माडल अथवा सीएसआर फंड से नए पार्क विकसित करने के प्रस्ताव आमंत्रित करने को कहा गया। इसके लिए इच्छुक एजेंसियों और संस्थाओं से संपर्क किया जाएगा।
धुर्वा बस स्टैंड एरिया में अतिक्रमण हटाओ अभियान, 30 शेड हटाए
धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर रांची नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को अभियान चलाया। इस दौरान सड़क, नाली और फुटपाथ तक दुकानों का विस्तार कर बनाए गए 30 से अधिक अस्थायी शेड और अन्य संरचनाओं को हटाया गया।
निगम के अनुसार, धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने सड़क, नाली और फुटपाथ तक अस्थायी शेड व अन्य संरचनाएं बना ली थीं। इससे आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। खासकर पैदल चलने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए निगम की टीम ने संबंधित मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
