ट्रेन में नहीं मिली सीट तो नो टेंशन! बिहार सरकार ने रांची से बढ़ाईं स्पेशल बसें, ₹700 में सीधे पहुंचें पटना
छठ महापर्व के लिए बिहार सरकार ने रांची से बिहार के विभिन्न शहरों तक विशेष बसों का संचालन शुरू किया ...और पढ़ें

रांची से बढ़ाईं स्पेशल बसें (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
छठ के लिए रांची से बिहार विशेष बसें शुरू।
बसों की संख्या 5 से बढ़ाकर 7 की गई।
पटना का किराया ₹700, मनमाना वसूली नहीं।
जागरण संवाददाता, रांची। छठ महापर्व को लेकर बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार की ओर से रांची से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए स्पेशल बसों का संचालन किया जा रहा है।
रांची के सरकारी बस स्टैंड से पटना, गया और मुजफ्फरपुर के लिए बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस बार बसों की संख्या में भी इजाफा किया गया है।
बस चालक नितेश राय ने बताया कि छठ पूजा को देखते हुए बिहार सरकार की ओर से कुल सात बसों का संचालन किया जा रहा है। पहले रांची के सरकारी बस स्टैंड से बिहार के लिए पांच बसें चलती थीं, लेकिन इस बार दो अतिरिक्त बसें बढ़ाई गई हैं। इससे छठ में घर लौटने वाले यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।
पटना के लिए रात नौ बजे से बसें
रांची से पटना के लिए रात नौ बजे से तीन बसें बारी-बारी से रवाना होती हैं। इनमें एक स्लीपर और दो एसी सीट वाली बसें शामिल हैं। ये बसें यात्रियों को सुबह करीब पांच बजे पटना के गांधी मैदान पहुंचाती हैं। रांची से पटना तक का किराया 700 रुपये निर्धारित है।
बिहार सरकार की ओर से संचालित इन बसों की खासियत यह है कि इनका किराया निर्धारित है। ऐसे में त्योहार के दौरान यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की आशंका नहीं है। ट्रेन में सीट नहीं मिलने और विमान का किराया महंगा होने के कारण कई यात्री बस से सफर करना बेहतर विकल्प मान रहे हैं।
यात्रियों ने कहा : ट्रेन में सीट नहीं, बस बनी सहारा
यात्री यागेंद्र सिंह ने बताया कि छठ के दौरान ट्रेन में पटना के लिए सीट मिलना मुश्किल हो गया है। विमान से यात्रा करना काफी महंगा है। ऐसे में त्योहार पर घर लौटने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन बिहार सरकार की अच्छी पहल है। हर साल छठ में बिहार पहुंचना मुश्किल होता है।
वहीं यात्री विजय कुमार ने बताया कि वह पहली बार बस से पटना जा रहे हैं। ट्रेन में सीट नहीं मिलने के कारण बस से सफर करना पड़ रहा है। छठ को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाने से यात्रियों को घर आने-जाने में काफी मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।