न बैंक जाने की जरूरत, न नए दस्तावेज की; BHIM ऐप से तीन स्टेप में खोलें NPS अकाउंट
एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड ने भीम ऐप पर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) खाता खोलने की सुविधा शुरू की है। अब ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
भीम ऐप पर एनपीएस खाता खोलने की सुविधा शुरू।
18-85 वर्ष के नागरिक तीन चरणों में खोलें खाता।
जागरण संवाददाता, रांची। एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड ने भीम पेमेंट्स ऐप पर तत्काल राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) खाता खोलने की सुविधा शुरू की है। इसके तहत झारखंड समेत देशभर के 18 से 85 वर्ष की आयु के पात्र भारतीय नागरिक बिना बैंक शाखा जाए या नए दस्तावेज जमा किए तीन चरणों में पेंशन खाता खोल सकते हैं।
किन बैंकों के ग्राहक उठा सकते हैं फायदा?
इसके लिए जन्मतिथि दर्ज कर पात्र बैंक खाते का चयन करना होगा और यूपीआई के माध्यम से न्यूनतम 250 रुपये का पहला अंशदान करना होगा। फिलहाल यह सुविधा भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और बैंक आफ बड़ौदा के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।
कंपनी की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललिता नटराज ने कहा कि इस सुविधा से पेंशन खाता खोलने की प्रक्रिया आसान होगी और भीम ऐप के जरिए पेंशन जैसी सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एस. रमण के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य लोगों को सेवानिवृत्ति के लिए समय रहते बचत करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
BHIM ऐप से 3 स्टेप में ऐसे खोलें NPS अकाउंट
स्टेप 1: BHIM ऐप खोलें: अपने मोबाइल में BHIM पेमेंट्स ऐप खोलें और उसमें NPS का ऑप्शन चुनें। अगर यह ऑप्शन नहीं दिख रहा है, तो ऐप को अपडेट करके देखें।
स्टेप 2: ऐप में मांगी गई जानकारी के अनुसार अपनी जन्मतिथि (DOB) चेक करें। इसके बाद लिस्ट में से अपना बैंक अकाउंट चुनें। आगे बढ़ने से पहले सभी जानकारी सही होने की चेकिंग कर लें।
स्टेप 3: UPI के जरिए NPS अकाउंट में पहली बार कम से कम 250 रुपए जमा करें। पेमेंट करने से पहले रकम और बैंक अकाउंट की जानकारी चेक कर लें। इसके बाद ऐप में दिख रहे निर्देशों के अनुसार प्रोसेस पूरा करें।
