'हमर खदान, हमर कोयला और बिजली जली तो टाटा-बिरला', MMDR एक्ट पर विधानसभा में गरजे जयराम महतो; आजसू भी साथ
आजसू पार्टी और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के मसले पर झारखंड सरकार के संकल्प प्रस्ताव का समर्थन किया।

विधानसभा में बोलते जयराम महतो। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
एमएमडीआर एक्ट संशोधन पर आजसू-जेएलकेएम का समान रुख।
खनिज पर सेस उगाही को झारखंड का अधिकार बताया दोनों ने।
कोयला चोरी रोकने और सेस राशि खर्च करने की मांग।
राज्य ब्यूरो, रांची। एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के मसले पर विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान आजसू पार्टी और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) का रुख एक जैसा रहा।
खनिज पर सेस की उगाही को दोनों राजनीतिक दलों ने झारखंड का अधिकार बताया। दोनों ने राज्य सरकार की ओर से सदन में लाए गए संकल्प प्रस्ताव का समर्थन किया।
दोनों दलों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे झारखंड में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी हो रही है, जो रूकनी चाहिए। सेस की राशि खनन प्रभावित इलाके के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए खर्च होनी चाहिए।
आजसू पार्टी की ओर से मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो तो जेएलकेएम से डुमरी विधायक जयराम महतो ने विधानसभा में आवाज उठाई।
निर्मल महतो ने कहा कि आजसू ऐसे किसी भी संशोधन कानून का समर्थन नहीं करेगी, जो झारखंड की जनता के हितों के खिलाफ हो।
पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने पहले ही केंद्रीय कोयला मंत्री को पत्र लिखकर आपत्ति जता दी थी। पत्र में केंद्र सरकार को बताया गया था कि इस विधेयक के जरिये राज्य सरकार के अधिकारों को कम नहीं किया जा सकता। झारखंड के हितों को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहिए।
जमकर गरजे जयराम महतो
वहीं, जयराम महतो ने कहा कि हमर पानी, हमर पसीना और बिजली जली तो शेख पसीना। हमरा खदान, हमर कोयला और बिजली जली तो टाटा-बिरला।
उन्होंने कहा कि झारखंड में करीब 40 प्रतिशत खनिज संपदा है। खनन के कारण जमीन और आजीविका प्रभावित होती है, लेकिन इसका लाभ स्थानीय लोगों को पर्याप्त रूप से नहीं मिलता।
दिल्ली में बैठी सरकार को यह तय करने का अधिकार नहीं होना चाहिए कि राज्य सरकार खनिज संपदा पर टैक्स लगा सकती है या नहीं।
यह भी पढ़ें- झारखंड विधानसभा में आज MMDR एक्ट संशोधन के विरुद्ध राजकीय संकल्प पेश कर रही हेमंत सरकार, पढ़ें क्या है पूरा विवाद?