विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिम्स जमीन घोटाला: वैभवमणि त्रिपाठी के घर ACB का बड़ा छापा, सौदेबाजी से जुड़े अहम सबूत बरामद 

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:43 PM (IST)

रिम्स जमीन फर्जीवाड़े मामले में एसीबी ने तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर फिर छापा मारा।  

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर एसीबी ने फिर की छापेमारी।

  2. अवैध जमीन रजिस्ट्री से जुड़े अहम दस्तावेज और साक्ष्य मिले।

  3. आरोपियों से रिमांड पर गहन पूछताछ जारी, बड़े खुलासे संभव।

राज्य ब्यूरो, रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की जमीन की फर्जी तरीके से गलत दस्तावेज पर खरीद-बिक्री मामले की जांच कर रही एसीबी ने आरोपितों के विरुद्ध छापेमारी और छानबीन जारी रखी है।

इसी क्रम में एसीबी ने अप्राथमिकी अभियुक्त व रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर एक बार फिर छापेमारी की।

वैभवमणि के आवास पर घंटों चली इस छापेमारी के दौरान टीम के हाथ कई ऐसे महत्वपूर्ण दस्तावेज और अहम साक्ष्य लगे हैं, जो जमीन की अवैध रजिस्ट्री और दस्तावेजों में की गई हेराफेरी के खेल को उजागर करने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।

जब्त साक्ष्यों के आधार पर आगे के अनुसंधान में कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना है। आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 318 के तहत बेईमानी से जमीन हथियाने और बीएनएस 338 व बीएनएस 336 के तहत धोखाधड़ी के मकसद से जमीन के मालिकाना हक व सरकारी दस्तावेज की जालसाजी करने का गंभीर आरोप है।

साथ ही बीएनएस 340 के तहत इन जाली कागजातों को असली बताकर जमीन की रजिस्ट्री व म्यूटेशन कराने में इस्तेमाल करने का मामला भी दर्ज किया गया है। जमीन दलाल और अधिकारियों के सिंडिकेट ने सुनियोजित तरीके से घोटाले को अंजाम दिया है।

दर्ज प्राथमिकी में एसीबी ने आपराधिक साजिश की धारा बीएनएस 61 और अपराध में उकसाने व सहयोग करने पर धारा बीएनएस 49 भी लगाई है।

इसके अलावा सरकारी पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ कमाने या पहुंचाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(क)/13(1)(ए) सहपठित धारा 13(2) के तहत कड़ी सजा व जुर्माने का शिकंजा कसा गया है।

वहीं, भ्रष्टाचार में सहयोग करने, बिचौलिए की भूमिका निभाने या अपराध को बढ़ावा देने को लेकर धारा 12 भी जोड़ी गई है।

इन सभी गैर-जमानती और कठोर धाराओं में दोष सिद्ध होने पर आरोपी अधिकारियों व अन्य संलिप्त लोगों का लंबा जेल जाना तय माना जा रहा है।

रिमांड पर आरोपितों को आमने सामने बैठाकर की जा रही है पूछताछ

रिम्स प्रकरण में गिरफ्तार आरोपित एसीबी की रिमांड पर हैं। रिमांड पर आरोपितों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा रही है।इन आरोपितों में आइएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और मनोज कुमार से एसीबी की रिमांड पर दूसरे दिन भी गहन पूछताछ का सिलसिला जारी रहा।

एसीबी मुख्यालय में जांच अधिकारियों की विशेष टीम ने सुबह से ही सभी आरोपितों से अलग-अलग और फिर एक-दूसरे के आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई है।

पूछताछ का मुख्य केंद्र बिंदु रिम्स की अधिग्रहित और सरकारी प्रकृति की जमीन के मूल दस्तावेजों में की गई छेड़छाड़, फर्जी डीड तैयार करने की प्रक्रिया, संदिग्ध म्यूटेशन और निबंधन कार्यालय स्तर पर दी गई नियम विरुद्ध स्वीकृतियां हैं।

जांच अधिकारियों ने आरोपियों के सामने अब तक जुटाए गए दस्तावेजी साक्ष्य रखकर यह जानने की कोशिश की कि इस पूरे सिंडिकेट में किसकी क्या भूमिका थी और किसके इशारे पर सरकारी जमीन को निजी हाथों में बेचने का रास्ता साफ किया गया।

यह भी पढ़ें- रेलवे में 'जुगाड़ ट्रांसफर-पोस्टिंग' पर रेड सिग्नल, अनौपचारिक तबादले पर लगाम; पूर्व मध्य रेल का सख्त आदेश

यह भी पढ़ें- भाजपा में झारखंड का बढ़ता कद, तीन नेता बने राष्ट्रीय मंत्री; सामाजिक आधार बढ़ा रही पार्टी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।