विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधानसभा घेराव में घायल देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो काल पर जुड़े अभिजीत दीपके, आंदोलन को दिया समर्थन

Published: Wed, 12 Aug 2026 02:33 AM (IST)

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा सुधार आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

अभिजीत दीपके ने देवेंद्र नाथ महतो से की बात। फाइल फोटो

अभिजीत दीपके ने देवेंद्र नाथ महतो से की बात। फाइल फोटो

HighLights

  1. अभिजीत दीपके ने घायल देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बात की।

  2. दीपके ने छात्र आंदोलन को समर्थन दिया, स्वास्थ्य का ध्यान रखने को कहा।

  3. देवेंद्र नाथ महतो ने संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

जागरण संवाददाता, रांची। जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सोमवार देर रात सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो काल के माध्यम से बातचीत की।

उन्होंने देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी ली और आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि छात्रों की लड़ाई अभी लंबी चलने वाली है, इसलिए आंदोलन के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है।

वीडियो काल पर देवेंद्र नाथ महतो ने सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और इसके बाद अपनी बिगड़ी तबीयत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

कार्रवाई के दौरान उन्हें भी चोट लगी। पहले से भूख हड़ताल पर रहने के कारण शरीर पर इसका असर अधिक पड़ा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस कार्रवाई पर जताई चिंता 

अभिजीत दीपके ने विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के खिलाफ लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल होना गंभीर विषय है।

यदि देवेंद्र नाथ महतो भी पुलिस कार्रवाई में घायल हुए हैं, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान ऐसी स्थिति बनना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन छात्रों की मांगों को लेकर संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है।

उन्होंने देवेंद्र नाथ महतो को अपनी सेहत को प्राथमिकता देने की सलाह दी। कहा कि आगे की लड़ाई के लिए स्वस्थ रहना जरूरी है। किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर तत्काल जानकारी देने की बात भी उन्होंने कही। वीडियो बातचीत के माध्यम से अभिजीत दीपके ने छात्र आंदोलन के प्रति अपना समर्थन दोहराया।

स्वास्थ्य मंत्री और विधायक भी पहुंचे थे अस्पताल 

देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी और विधायक जयराम महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे थे। दोनों ने अस्पताल में उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

फिलहाल देवेंद्र नाथ महतो सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उपचाररत हैं।

आंदोलन की अगली रणनीति पर नजर 

जेपीएससी-जेएसएससी में सुधार और परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है।

छात्र प्रतिनिधि भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में पारदर्शिता, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और अन्य मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। आंदोलन की अगली रणनीति को लेकर भी छात्रों में चर्चा जारी है। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव के बावजूद छात्रों की मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकार और उनकी मांगों के लिए आंदोलन से पीछे हटने का सवाल नहीं है। जब तक सरकार की ओर से मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो, घायल छात्रों का जाना हाल

यह भी पढ़ें- रांची छात्र आंदोलन: भ्रम और मंथन के बाद फिर एकजुट हुए अभ्यर्थी, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना जारी