लालू को अब आने लगी नींद, ब्लड प्रेशर नॉर्मल-कंट्रोल में इंफेक्शन
चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है।
रांची, जासं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को अब चैन की नींद आ रही है। पेइंग वार्ड में शिफ्ट होने के बाद अब उन्हें कुत्तों के भौंकने से राहत मिली है। झारखंड के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) रांची में इलाजरत लालू प्रसाद यादव पहले के मुकाबले पर्याप्त नींद ले रहे हैं। चारा घोटाले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव को रिम्स में दो सेवादार भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने हाई कोर्ट के निर्देश पर निचली अदालत में सरेंडर किया था।
डॉक्टरों ने बताया कि लालू प्रसाद यादव के ब्लड में संक्रमण कम हुआ है। हालांकि अब भी ब्लड शुगर मानक से अधिक है। लालू का टीएलसी 12600 था, जो घटकर 9500 पर पहुंच गया है। टीएलसी 11 हजार से अधिक नहीं होना चाहिए। वहीं, ब्लड शुगर पिछले दिनों से कम हुआ है, लेकिन अब भी मानक से अधिक है। लालू प्रसाद का ब्लड शुगर 221 है।
लालू प्रसाद की देखरेख कर रहे डॉक्टर उमेश प्रसाद ने बताया कि फिलहाल लालू को इंसुलिन दिया जा रहा है। कुछ दिनों से ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं, ब्लड प्रेशर सामान्य है। बताया गया कि लालूू की सेहत में सुधार हुआ है। उन पर दवाओं का असर हो रहा है।
बता दें कि लालू प्रसाद रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में चारा घोटाले के चार मामलों में सजा काट रहे हैं। हाई कोर्ट ने बीते माह उनके इलाज के दौरान घर पर रहने पर आपत्ति की थी, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में सरेंडर करना पड़ा था।
यह भी पढ़ेंः बाहर का खाना बढ़ा रहा रिम्स में लालू प्रसाद यादव का शुगर