बाहर का खाना बढ़ा रहा रिम्स में लालू प्रसाद यादव का शुगर
बताया जा रहा है कि जब से रिम्स से खाना बंद हुआ है लालू चावल खाने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं।
रांची, जागरण संवाददाता। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के डॉक्टर राजद प्रमुख लालू प्रसाद की हाई शुगर की बीमारी पर बमुश्किल आंशिक नियंत्रण कर पाए थे। दवा और इंसुलिन का डोज दिया जा रहा था। लेकिन, अब लालू प्रसाद का शुगर फिर से अनियंत्रित तरीके से बढ़ गया है। बीते रविवार को उनका शुगर लेवल 185 दर्ज किया गया। सोमवार को भी सुबह तक इसमें कोई खास अंतर नहीं दर्ज किया गया। इसकी वजह है लालू को दिया जा रहा बाहर का खाना। जब से लालू पेइंग वार्ड में गए हैं रिम्स से उन्हें मिलने वाला भोजन बंद कर दिया गया है।
अब निजी व्यवस्था से लालू खाना खा रहे हैं। दो सेवादार उनके लिए भोजन बनाते हैं। बताया जा रहा है कि जब से रिम्स से खाना बंद हुआ है लालू चावल खाने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। सेवादार उन्हें मनपसंद भोजन बनाकर दे रहे हैं। डाइट चार्ट को फॉलो नहीं किया जा रहा है। रोटी की जगह चावल खाने से ही शुगर अनियंत्रित हो गया है। मेडिसिन विभाग के डॉ. उमेश प्रसाद ने बताया कि शुगर लेवल बढ़ने से उनकी समस्या बढ़ती जा रही है। उन्हें 11 तरह की बीमारियां हैं, जिनमें हाल में हुए बलतोड़ ने उनकी समस्या बढ़ा दी है। शुगर अगर नियंत्रित नहीं होता है तो बलतोड़ का घाव उन्हें परेशान करेगा, घाव जल्दी ठीक नहीं होगा।
दूसरी समस्याएं भी बढ़ेंगी। डायटिशियन मीनाक्षी कुमारी का कहना है कि पेइंग वार्ड में रिम्स का खाना नहीं जाता है। उन्हें क्या खाना है इसके लिए डाइट चार्ट दिया गया है। पेइंग वार्ड में मरीज को खाना खुद ही लाना पड़ता है। लेकिन चिकित्सक और डायटीशियन के मार्गदर्शन पर मरीज को खाना पड़ता है। यह देखना है कि डाइट चार्ट को कितना फॉलो किया जा रहा है। डायटीशियन और चिकित्सक चेक करेंगे। डॉ. विवेक कश्यप, अधीक्षक, रिम्स।