रांची में जहरीली शराब पीने से जैप के दो जवानों समेत 11 की मौत
रांची में जहरीली शराब पीने से जैप के दो जवानों सहित 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में बीते तीन दिनों में जहरीली शराब पीने से जैप (झारखंड आर्म्ड पुलिस) के दो जवानों सहित कुल 11 लोगों की मौत हो गई। आधा दर्जन की हालत गंभीर है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की मानें तो जहरीली शराब पीने से सात लोगों की ही मौत हुई है, अन्य की मौत बीमारी या अन्य कारणों से हुई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। इस मामले में सुखदेवनगर व डोरंडा थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं।
जहरीली शराब से जिन पुलिसकर्मियों की मौत हुई है उनमें जैप जवान योगेश क्षेत्री और महादेव मुर्मू शामिल हैं। इनके अलावा तीसरा जवान विक्रम राय की हालत गंभीर है, उसे मेडिका में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सभी की मौत शराब पीने के बाद हुई उल्टी, सांस फूलने और पेट दर्द से हुई है। बताया गया है कि रांची के डोरंडा के नेपाली कॉलोनी से शराब खरीदकर पीने वाले ही बीमार हुए और उनकी मौत हुई है। शराब पीने के बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी और एक-एक कर उनकी मौत का सिलसिला शुरू हो गया।
इस घटना के बाद जैप ही नहीं, पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप है। घटना के बाद एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, डीएसपी कोतवाली भोला प्रसाद सिंह, डीएसपी हटिया विकास कुमार पांडेय समेत कई अधिकारी डोरंडा थाना पहुंचे। पुलिस को जानकारी मिली है कि डोरंडा के नेपाली कॉलोनी में सप्लाई की गई जहरीली शराब नामकुम से भेजी गई थी। जो शराब माफिया प्रहलाद सिंधिया की अवैध फैक्ट्री से निकली थी। पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
240 बोतल शराब जैप जवान के घर से बरामद
रांची की डोरंडा पुलिस ने 258 बोतल शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें बीस पेटी में रखी 240 बोतल शराब को जैप जवान गौतम गुरुंग के घर से बरामद किया गया है। गौतम का भाई शराब बेचता था। इस मामले में जैप जवान गौतम गुरुंग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार होने वाले दो लोगों में किराना दुकान चलाने वाले इंद्रभान थापा और उसका बेटा रोहित थापा शामिल है।
इन दोनों को शराब की 18 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पुलिस को इंद्रभान ने बताया है कि उसे प्रहलाद सिंधिया के बेटे तरुण दास ने शराब की सप्लाई की थी।
बिसरा की होगी एफएसएल जांच
जैप जवान समेत अन्य मृतकों के शवों का रिम्स में चिकित्सकों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया, मृतकों का बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसकी फोरेंसिक जांच की जाएगी।
जिनकी मौत हुई
- महादेव मुर्मू (40), महड़ा ताला टोला, पौड़ेया, पौड़ेयाहाट, गोड्डा, जैप-8 का जवान था।
- अमित कुमार तिवारी उर्फ संटी (18), इरगूटोली, कृष्णा साव का किरायेदार, सुखदेवनगर, रांची।
- संदीप चौधरी (20), स्थायी पता खल्ला, जयपुर, वार्ड नंबर 6, राजापुर, जिला बरदिया, नेपाल। वर्तमान में हरमू हाउसिंग कॉलोनी, एमआइजी बी/47, अरगोड़ा, रांची।
- इस्लाम अंसारी (26), अस्पताल मुहल्ला, डोरंडा, रांची।
- सुलो कुमार उर्फ सुरेंद्र पंडित (31), सारेबाद, सोबा, जमुई, बिहार। वर्तमान में छप्पन सेठ, डोरंडा, रांची।
- योगेश क्षेत्री (36), जैप वन, डोरंडा। स्थायी निवासी दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल।
- लड्डू उर्फ लड्डन (22), युनूस चौक, नाई मुहल्ला, डोरंडा, रांची।
सप्ताह भर पूर्व जहरीली शराब से इनकी हुई मौत
- मंकी उर्फ बाजे (58), मनीटोला, डोरंडा।
- फन्नी गद्दी (28), ग्वालाटोली, डोरंडा।
जानिए, किसने क्या कहा
'जैप जवानों की मौत शराब पीने से हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकती है। जवान योगेश क्षेत्री शराब पीने का आदी था। उसे कई बार विभागीय दंड दिया जा चुका है। लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।'
-सुधीर झा, डीआईजी जैप।
---
'जहरीली शराब से चार की मौत की ही बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृतकों का आंकड़ा स्पष्ट होगा। फिलहाल, नकली शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी है।'
-कुलदीप द्विवेदी, एसएसपी, रांची।
---
यह भी पढ़ेंः देवघर में यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया में दिनदहाड़े 55 लाख की लूट
यह भी पढ़ेंः शराब के लिए चोरी करने से रोका तो बेटे ने बाप की जान ली
रांची में छापेमारी करती उत्पाद विभाग की टीम।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।