सब लेफ्टिनेंट बन रामगढ़ की बेटी ने रचा इतिहास: पहले ही प्रयास में पास की SSB परीक्षा, चौथी पीढ़ी करेगी देशसेवा
रामगढ़ की सपना शर्मा का भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट (नवल एयर ऑपरेशन ऑफिसर) के पद पर चयन हुआ है।

फोटो सपना शर्मा : सौ स्वयं
HighLights
सपना शर्मा का भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयन हुआ।
उन्होंने पहले ही प्रयास में एसएसबी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।
सशस्त्र सेना में शामिल होने वाली परिवार की चौथी पीढ़ी बनीं।
जागरण संवाददाता, रामगढ़। शहर के बिजुलिया आदर्शनगर कालोनी की सपना शर्मा का भारतीय नौसेना में चयन हुआ है।
उन्हें शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत सब लेफ्टिनेंट (नवल एयर ऑपरेशन आफिसर) पद पर चुना गया है।सपना केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण लेंगी। उन्होंने एसएसबी की कठिन परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण की।
सपना भारतीय सशस्त्र सेना में शामिल होने वाली अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय दादा रवींद्र शर्मा और दादी आशादेवी के आशीर्वाद के साथ पिता विंग कमांडर संजीव शर्मा और माता पूनम शर्मा की प्रेरणा को दिया।
विंग कमांडर संजीव शर्मा वर्तमान में सैनिक स्कूल तिलैया के उप-प्राचार्य हैं। दादा रवींद्र शर्मा 1993 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।
सेना का अनुशासन और देशभक्ति की परंपरा सपना को बचपन से ही परिवार में मिली। सपना की सफलता से परिवार और पूरे शहर में खुशी है।
दादा रवींद्र शर्मा ने कहा कि पोती ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आदर्शनगर में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है।
लोगों का कहना है कि सपना ने साबित किया है कि रामगढ़ की बेटियां आसमान और समुद्र, दोनों में उड़ान भर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- रांची की क्रिकेटर पलक का भारतीय टीम में सिलेक्शन, इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में दिखाएंगी दमखम