रूपी सोरेन पुरखों की माटी में विलीन, पुत्र हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि; बसंत नहीं पहुंच सके नेमरा
रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार रामगढ़ के नेमरा गांव में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुखाग्नि दी। इस दौरान ...और पढ़ें
HighLights
रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार रामगढ़ के नेमरा गांव में हुआ।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी।
राज्य के मंत्री, अधिकारी और राजनीतिक हस्तियां अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
जागरण संवाददाता, रामगढ़/रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव गोला प्रखंड के नेमरा गांव में नेमरा के ढेकानाला घाट पर गुरुवार को अपराह्न करीब 3.30 बजे अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी।
रामगढ़ के नेमरा में जहां रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार हुआ वहां से लगभग 13 माह पहले पांच अगस्त 25 काे दिशोम गुरु शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार किया गया था। इस तरह देखते ही देख्रते शाम पांच बजे तक रूपी पुरखों की माटी में विलिन हो गईं। नेमरा में मातम का माहौल था। इससे पहले रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सहित तमाम गणमान्य हस्तियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

नेमरा में अर्थी को कंधा देते हेमंत सोरेन व उनके पुत्र।
अंतिम संस्कार में शामिल हुए राज्य के कई मंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक के अलावा मुख्य सचिव, डीजीपी, राज्य भर के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी व विभिन्न राजनीतिक दल के लोग शामिल हुए।
मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके छोटे पुत्र बसंत सोरेन
दुमका के विधायक व दिशोम गुरु के छोटे पुत्र दुमका के झामुमाे विधायक बसंत सोरेन अपनी मां रूपी सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। परिवार के लोगों ने बताया कि बसंत सोरेन फिलहाल बीमारी के इलाज के लिए चैन्नई के अस्पताल में भर्ती हैं।
इधर दिशोम गुरु स्व शिबू सोरेन की बड़े पुत्र स्व दुर्गा साेरेन की पत्नी व पूर्व विधायक सीता सोरेन व उनकी दोनों पुत्री राजश्री व जयश्री सहित परिवार के सभी सदस्य नेमरा पहुंचे। स्व शिबू सोरेन की बड़ी पुत्री अंजली सोरेन भी पहुंची।
नेमरा स्थित आवास से शव यात्रा निकलते ही पिता के निधन के साल भर बीतने के बाद मां के निधन होने से अंजली सोरेन दहाड़ मारकर रोते रही। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया। हालांकि मुख्यमंत्री की पत्नी व गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने उन्हें ढांढस बंधाते रहीं।

अंतिम संस्कार से पहले नेमरा में परिजनों संग कल्पना सोरेन।
यह भी पढ़ें- रुपी सोरेन: झारखंड आंदोलन की मूक सहचरी, हसुआ से महाजन को खदेड़ा; दिशोम गुरु को जेल से छुड़वाया
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी ने रूपी सोरेन के निधन पर ओल चिकी लिपि में जताया शोक, संथाली में जनजातीय सशक्तिकरण को सराहा
राज्यपाल, मंत्री, सांसद, विधायक सहित कई गणमान्य ने दी रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि
इससे पहले रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मौके पर राज्यपाल ने शोकाकुल मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय एवं विकट दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा, ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, विधायकगण, पूर्व मंत्रीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार एवं विकट दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। बताते चलें कि रूपी सोरेन का निधन बुधवार को रांची के हिल व्यू अस्पताल में हो गया था।
निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर रखा गया था। अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को रामगढ़ के नेमरा गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
