रामगढ़ के चितरपुर काली चौक पर सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से टाटा मैजिक सवार दो की मौत; चार घायल
रामगढ़ के चितरपुर काली चौक पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में टाटा मैजिक और हाइवा की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

रजरप्पा में हाइवा-मैजिक की टक्कर से हादसा। (फोटो सोर्स- जागरण)
HighLights
रजरप्पा में हाइवा-मैजिक की टक्कर से दर्दनाक हादसा।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हुई।
संवाद सूत्र, रजरप्पा (रामगढ़)। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर काली चौक के पास गुरुवार अहले सुबह करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोला की ओर से रामगढ़ जा रही एक टाटा मैजिक वाहन को सामने से आ रहे हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण दुर्घटना में मैजिक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में गंभीर महतो, कृष्ण नायक, मनोज नायक, विवेक नायक, जय कुमार नायक बताया जा रहा है।मृतकों में संग्रामपुर गोला निवासी संदीप कुमार महतो व पतरातू निवासी सुनील नायक शामिल है।
जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति गोला के पतरातू और संग्रामपुर के रहने वाले थे। वहीं, घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई और सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया। घटना में शामिल हाइवा जेएच02 बीजेड 3351 की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में और किसकी लापरवाही के कारण हुआ। इस घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।