किसानों के लिए बड़ी राहत, सिर्फ 1 रुपये में कराएं रबी फसल का बीमा; 31 दिसंबर तक मिलेगा मौका
उपायुक्त ऋतुराज ने रामगढ़ में किसानों को फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करने के लिए वाहन रवाना किया। किसान 31 दिसंबर तक मात्र एक रुपये में रबी फसलों का बीमा करा सकते हैं, जिसमें गेहूं, चना, सरसों और आलू शामिल हैं।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
उपायुक्त ने फसल बीमा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाई।
किसान 31 दिसंबर तक एक रुपये में रबी फसल बीमा कराएं।
संवाद सहयोगी, रामगढ़। किसानों को फसल बीमा योजना एवं फसल क्षति के मुआवजे के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को टाउन हाल, रामगढ़ परिसर से उपायुक्त ऋतुराज ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपायुक्त ने किसानों से अधिक-से-अधिक संख्या में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी फसल का बीमा कराने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है, जो 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। किसान मात्र एक रुपये की टोकन राशि जमा कर अपनी रबी फसलों का बीमा करा सकते हैं। इसके तहत गेहूं, चना, सरसों एवं आलू जैसी फसलों का बीमा कराया जा सकता है।
पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से भी किसानों को योजना की जानकारी देते हुए बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बीमा कराने के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, मोबाइल नंबर, भूमि संबंधी दस्तावेज (गैर ऋणी किसानों के लिए), बटाईदार/किराएदार किसानों के लिए आवश्यक घोषणा पत्र (यदि लागू हो) एवं फसल बुवाई का विवरण उपलब्ध कराना होगा।
किसान संबंधित बैंक शाखा (ऋणी/ केसीसी किसान), पैक्स, कामन सर्विस सेंटर (प्रज्ञा केंद्र) अथवा अधिकृत बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से संपर्क कर अपना बीमा करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि फसल क्षति होने की स्थिति में बीमित किसानों को 72 घंटे के अंदर अपनी शिकायत दर्ज करानी आवश्यक है।
इसके लिए किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर काल करने के साथ-साथ क्राप इंश्योरेंस एप, कृषि रक्षक पोर्टल, बैंक, पैक्स, कृषि विभाग अथवा बीमा कंपनी के माध्यम से भी क्लेम दर्ज करा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सब लेफ्टिनेंट बन रामगढ़ की बेटी ने रचा इतिहास: पहले ही प्रयास में पास की SSB परीक्षा, चौथी पीढ़ी करेगी देशसेवा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।