रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में कोयला लदे हाइवा का ब्रेकफेल, आधा दर्जन वाहनों को मारी टक्कर; दर्जनों घायल
चुटूपालू घाटी में आम्रपाली से कोयला लादकर आ रहे एक हाइवा का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टल गया, ...और पढ़ें

चुटूपालू घाटी में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के पास लगी भीड़। जागरण
HighLights
चुटूपालू घाटी में ब्रेक फेल हाइवा ने छह वाहनों को टक्कर मारी।
हादसे में दर्जनों यात्री घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
जागरण संवाददाता, रामगढ़। रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के चुटूपालू घाटी में शुक्रवार की एक कोयला लदे एक हाइवा का ब्रेकफेल हो गया। इससे हाइवा पूरी तरह से अनियंत्रित होकर आधा दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें दर्जनों यात्रियों को चोटें आई हैं।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायल यात्रियों को घटनास्थल से हटाकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। घटना के बाद घंटाें तक घाटी जाम रहा। मौके पर घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ थाना पुलिस ने एनएचएआइ की रेस्क्यू टीम की मदद से तत्काल क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का प्रयास शुरू कर दिया है।
बताया गया कि आम्रपाली से कोयला लेकर आ रहे हाइवा (जेएच 02 बीएम 7942) गड़के मोड़ के पास सबसे पहले इस हाइवा ने एक बाइक को टक्कर मारी। जिस पर सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अनियंत्रित हाइवा अपने आगे चल रहे एक कार (जेएच02एवी 6477) को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद उसने एक होंडा सिटी कार(जेएच 02 एएफ 0528) को टक्कर मार दिया।
इसके बाद उसने अपने आगे चल रहे एक ट्रक (एपी 16 टीएफ 6229) और रवि नामक यात्री बस (जेएच 02 बीजी 2534) को टक्कर मार दिया। घटना में सभी वाहन सवार लोगों को चोटेें आई। रांची से अपने बच्चों का इलाज करा कर लौट रहे हजारीबाग शिवपुरी मुहल्ला निवासी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि वह अपनी कार (जेएच 02 एवी 6477) से वापस घर लौट रहे थे।
घाटी में उनके पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें पहले एक बाइक को टक्कर मारी। फिर सीधे उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। हालांकि उनकी पत्नी और बच्चे को चोट नहीं आई।
वहीं होंडा सिटी कार पर सवार झारखंड राज्य बार एसोसिएशन के सदस्य हजारीबाग के अधिवक्ता राजकुमार सिंह और गिरिडीह के अधिवक्ता परमेश्वर मंडल ने बताया कि अनियंत्रित गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मारी है। जब तक वे लोग संभाल पाते तब तक वह अनियंत्रित हाइवा कई गाड़ियों को टक्कर मार कर रुक गया। सबसे अच्छी बात यह रही की किसी को भी ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है।
