रामगढ़ में एनएच-33 पर हादसों को दावत दे रहे बिजली के तार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मांडूडीह दुर्गा मंदिर के सामने एनएच-33 पर बिजली का तार खतरनाक तरीके से झूल रहा है, जिससे बड़े वाहनों और लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

हादसों को दावत दे रहे बिजली के तार
HighLights
एनएच-33 पर झूलते बिजली के तार दुर्घटना का कारण।
पानी प्लांट के ट्रांसफार्मर का तार नीचे लटका हुआ।
ग्रामीणों की शिकायत पर भी विभाग ने नहीं की कार्रवाई।
संवाद सूत्र, मांडू(रामगढ़)। मांडूडीह दुर्गा मंदिर के सामने एनएच-33 के किनारे बिजली का झूलता तार हादसे को आमंत्रित कर रहा है। तार की स्थिति ऐसी है कि सड़क से गुजरने वाले बड़े वाहनों के संपर्क में आने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह तार पानी प्लांट के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर से जोड़ा गया है। उक्त ट्रांसफार्मर से केवल पानी प्लांट को बिजली की आपूर्ति की जाती है।
लोगों के बीच दुर्घटना की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर से प्लांट तक जाने वाला बिजली का तार बीच रास्ते में काफी नीचे झूल रहा है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों के बीच भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि एनएच-33 के किनारे करीब 20 मीटर की दूरी पर पहले से दो अन्य ट्रांसफार्मर भी लगे हुए हैं। इन ट्रांसफार्मरों के आसपास पर्याप्त जगह उपलब्ध है।
वाहनों की आवाजाही भी सुरक्षित
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी प्लांट के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर को भी उचित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए, तो सभी बिजली के तार एक ओर व्यवस्थित हो जाएंगे और सड़क के ऊपर झूलते तार की समस्या समाप्त हो सकती है। इससे वाहनों की आवाजाही भी सुरक्षित हो जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि झूलते बिजली तार को दुरुस्त कराने और ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और बिजली विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई है। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से शीघ्र झूलते तार को दुरुस्त कराने तथा ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
कहते हैं मुखिया
इस संबंध में मुखिया बैजनाथ राम ने बताया कि एन एच 33 से फागुदोहर जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता हैं। साथ ही आबादी बड़ी होने के कारण छोटे बड़े वाहनों का भी आवागमन होता हैं, जो झूलते तार को छू कर जाती हैं। ट्रांसफार्मर स्थांतरित करने झूलते तार को दुरुस्त करने को लेकर विभाग के पदाधिकारी से अनुरोध किया गया हैं। मगर विभाग द्वारा अब तक कोई पहल नहीं किया गया है।
