कार्तिक पूर्णिमा पर रजरप्पा में उमड़ा आस्था का सैलाब, दामोदर-भैरवी संगम में स्नान कर भक्तों ने किए मां के दर्शन
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों भक्तों ने दामोदर-भैरवी संगम में स्नान कर मां भगवती की पूजा-अर्चना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

दामोदर-भैरवी संगम में स्नान कर भक्तों ने किए मां के दर्शन (सौ. जागरण)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर रजरप्पा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
दामोदर-भैरवी संगम में स्नान कर भक्तों ने मां की पूजा की।
छिन्नमस्तिका मंदिर न्यास समिति ने पंचवटी में भंडारा आयोजित किया।
संवाद सूत्र, रजरप्पा(रामगढ़)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने दामोदर-भैरवी संगम में आस्था की डुबकी लगाई और परिवार की खुशहाली के लिए मां भगवती से मन्नत मांगी।
स्नान के बाद छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी असीम पंडा ने बताया कि मां भगवती की पूजा और दामोदर-भैरवी संगम में स्नान का विशेष महत्व है।
उनके अनुसार, इस दिन सच्चे मन से पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। हर पूर्णिमा का अपना महत्व है, लेकिन धार्मिक दृष्टि से कार्तिक पूर्णिमा विशेष मानी जाती है। इस दिन नदी और नद के संगम पर स्नान करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
कार्तिक पूर्णिमा पर पंचवटी परिसर में भंडारा, हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
छिन्नमस्तिका मंदिर न्यास समिति की ओर से पंचवटी आश्रम में भंडारे का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। समिति ने प्रसाद के रूप में खिचड़ी वितरित की और लोगों ने कतारबद्ध होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
छठव्रतियों ने सूर्य को दिखाया दीप
छठव्रत के बाद हर साल झारखंड, बिहार और आसपास के राज्यों से छठव्रती कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना के लिए यहां पहुंचते हैं। कई व्रतियों ने घाटों पर नदी में स्नान के बाद पूजा की और सूर्य को दीप दिखाया। इसके बाद उन्होंने छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।