CCL कर्मियों के लिए खुशखबरी! दुर्गा पूजा पर मिलेगा 110250 रुपये बोनस; 15 अक्टूबर से पहले खाते में आएगी रकम
सीसीएल के कुजू क्षेत्र के 2209 कर्मचारियों को दुर्गापूजा के अवसर पर ₹1,10,250 का बोनस मिलेगा, जिससे कर्मचारियों और उनके ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
सीसीएल कुजू के 2209 कर्मचारियों को मिलेगा ₹1,10,250 बोनस।
15 अक्टूबर से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में आ सकती है बोनस की राशि।
CCL महाप्रबंधक ने बोनस को कर्मचारियों की मेहनत और योगदान का परिणाम बताया।
संवाद सूत्र, कुजू (रामगढ़)। दुर्गापूजा के अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के निर्देशानुसार सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कर्मियों को 1,10,250 रुपये बोनस दिया जा रहा है। बोनस की राशि निर्धारित होने से सीसीएल कर्मियों में खुशी की लहर है। त्योहार से पहले मिलने वाली इस राशि से कर्मचारियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है।
वहीं बोनस की राशि से बाजार में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद है। कर्मचारी जहां इस राशि से पूजा-पाठ, नए कपड़ों, घरेलू जरूरतों और त्योहार की तैयारियों को पूरा करने की योजना बना रहे हैं। वहीं दुकानदारों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है। सीसीएल के कुजू क्षेत्र में कुल 2209 कर्मचारी कार्यरत हैं। इन सभी कर्मियों को निर्धारित नियमों के तय बोनस मिलेगा।
कंपनी की ओर से बोनस की राशि 15 अक्टूबर से पहले कभी भी कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा की जा सकती है। हालांकि बोनस की राशि कर के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के मामले में नियमानुसार टैक्स की कटौती की जाएगी। इस बोनस से कर्मचारियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी। कर्मियों ने बोनस दिए जाने पर कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
दुर्गापूजा के मौके पर कोयलांचल क्षेत्र के बाजारों में बोनस का विशेष महत्व माना जाता है। सीसीएल कर्मियों को बोनस मिलने से कपड़े, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारी बढ़ने की संभावना है। कुजू सहित आसपास के बाजारों के दुकानदार भी बोनस की राशि खातों में आने का इंतजार कर रहे हैं।
दुकानदारों का मानना है कि कर्मचारियों के हाथों में बोनस की रकम पहुंचने के बाद बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और कारोबार को गति मिलेगी। कोयला क्षेत्र में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के लिए दुर्गापूजा बोनस केवल त्योहार की खुशियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
कर्मचारियों द्वारा की जाने वाली खरीदारी से छोटे-बड़े व्यापारियों को लाभ मिलता है। ऐसे में बोनस की राशि जारी होने से कर्मचारी परिवारों के साथ-साथ स्थानीय कारोबारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
कर्मियों की मेहनत का परिणाम है बोनस : महाप्रबंधक
इस संबंध में सीसीएल कुजू क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड की सभी इकाइयों के कर्मियों को दुर्गापूजा के अवसर पर कंपनी की ओर से उपहार स्वरूप बोनस दिया जा रहा है। यह बोनस कर्मियों की मेहनत, लगन और योगदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कंपनी के विकास और उत्पादन में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
त्योहार के अवसर पर बोनस मिलने से कर्मियों के परिवारों में खुशियां आएंगी। महाप्रबंधक ने सभी कर्मियों से अपील की कि वे बोनस की राशि मिलने के बाद अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास से दुर्गापूजा मनाएं और मां दुर्गा की आराधना करें। त्योहार को आपसी सौहार्द, शांति और खुशियों के साथ मनाएं।
