CCL के 29 हजार समेत कोल इंडिया के दो लाख कर्मियों के खाते में 15 अक्टूबर तक आएगी बोनस की राशि, चमकेगा बाजार
कोल इंडिया प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच सहमति के बाद 2.01 लाख कर्मचारियों को 1,10,250 रुपये का प्रदर्शन आधारित ...और पढ़ें

15 अक्टूबर तक बैंक खातों में जमा होगी बोनस की राशि।
HighLights
कोल इंडिया के 2.01 लाख कर्मचारियों को मिलेगा 1,10,250 रुपये बोनस।
सीसीएल के 29,100 कर्मचारी भी होंगे लाभान्वित, 15 अक्टूबर तक भुगतान।
बोनस से दुर्गापूजा और दिवाली के त्योहारी बाजार में आएगी तेजी।
जागरण संवाददाता, रांची। कोल इंडिया लिमिटेड प्रबंधन और विभिन्न श्रमिक संगठनों (यूनियनों) के बीच लंबी और मैराथन बैठकों के बाद आखिरकार वर्ष 2026 के परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड (PLR) यानी प्रदर्शन आधारित बोनस पर मुहर लग गई है।
करीब नौ घंटे चली उच्चस्तरीय बातचीत के बाद यह सहमति बनी कि इस वर्ष प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 1,10,250 रुपये का एकमुश्त बोनस दिया जाएगा। सीसीएल के 29 हजार कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। इससे कोलयिरी एरिया के बाजारों में रौनक आएगी।
15 अक्टूबर तक खातों में पहुंचेगी राशि
इस ऐतिहासिक समझौते से कोल इंडिया और उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत लगभग 2.01 लाख नॉन-एग्जीक्यूटिव (अगैर-कार्यकारी) कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बात अगर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की करें, तो झारखंड स्थित सीसीएल के लगभग 29,100 कर्मचारी इस दिवाली और दुर्गापूजा के अवसर पर इस वित्तीय लाभ से लाभांश पाएंगे।
कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी बिखेरते हुए प्रबंधन ने यह स्पष्ट किया है कि बोनस की यह पूरी राशि 15 अक्टूबर तक कर्मचारियों के सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। समय पर भुगतान होने से कर्मी और उनके परिवार त्योहारी सीजन की तैयारियां और भी उत्साह के साथ कर सकेंगे।
त्योहारी बाजार में आएगी भारी तेजी
इस वर्ष दुर्गापूजा की शुरुआत 10 अक्टूबर से हो रही है और 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार के वक्त इतनी बड़ी राशि कर्मचारियों के हाथों में आने से झारखंड समेत देश के कोयलांचल क्षेत्रों रांची, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद, चतरा आदि के स्थानीय बाजारों में जबरदस्त बूम देखने को मिलेगा। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और सराफा बाजार में बंपर बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है।
कोल इंडिया के पिछले कुछ वर्षों के पूजा बोनस पर एक नजर
बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में कोल इंडिया द्वारा दिए जाने वाले पूजा बोनस में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। यूनियन प्रतिनिधियों ने इस बढ़ोतरी पर संतोष व्यक्त किया है, वहीं सीसीएल के कर्मचारियों में बोनस की घोषणा के बाद से ही जश्न का माहौल है।
- वर्ष 2024: लगभग ₹93,750
- वर्ष 2025: लगभग ₹1,02,500
- वर्ष 2026: ₹1,10,250 (अब तक का सबसे बड़ा)
