रामगढ़ में घर में घुसकर CCL कर्मी की धारदार हथियार से हत्या, पत्नी के हाथ-पैर बांधकर लूटे जेवर
रामगढ़ के गिद्दी में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की घर में घुसकर धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर ...और पढ़ें

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़ और जांच करती पुलिस
HighLights
गिद्दी में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल की हत्या।
पत्नी को बांधकर अपराधियों ने लूटे घर के जेवर।
पुलिस एफएसएल टीम के साथ जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र के मेनगेट निवासी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की शनिवार की देर रात को घर में घुसकर धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान अपराधियों ने उसकी पत्नी सोनाली देवी के हाथ-पैर बांध दिया और मुंह भी बांधकर छोड़ दिया।
घटना की जानकारी रविवार सुबह सामने आने के बाद गिद्दी में सनसनी फैल गई। मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर लूट की नीयत से घर में घुसने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
डाटा एंट्री आपरेटर के पद पर कार्य
मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी सीसीएल आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री आपरेटर के पद पर कार्य था। बताया जाता है कि सोनाली देवी के पैर से दरवाजा पीटने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को संदेह हुआ।
घर के बाहर चारदीवारी के पास से देखने पर वह खुले दरवाजे के नजदीक जमीन पर गिरी दिखाई दी। इसके बाद छोटू नामक युवक चारदीवारी फांदकर घर के अंदर पहुंचा और मुख्य गेट खोला। आसपास के लोगों ने सोनाली के हाथ-पैर और मुंह खोले तथा घटना की सूचना गिद्दी थाना पुलिस को दी।
पुलिस घर के अंदर पहुंची तो दूसरे कमरे में हैप्पी जमीन पर पड़ा था। उसके शरीर पर पर्दा पड़ा हुआ था। पर्दा हटाने पर उसके सिर, गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान मिले। उसका दाहिना हाथ भी कटा हुआ था। शव की स्थिति देखकर हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा रहा था।
पत्नी ने दो नकाबपोश अपराधियों के घुसने की बात कही
सोनाली देवी ने पुलिस को बताया कि रात में हैप्पी घर के पहले कमरे में सोफा पर बैठकर मोबाइल देख रहा था। उसने मुख्य दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा खोलने के बाद वह दूसरे कमरे में सोने चली गई। रात करीब 12.30 बजे चेहरा ढके दो लोग घर में घुसे और हैप्पी के साथ मारपीट करते हुए उसे अंदर के कमरे में ले आए।
शोर सुनकर वह उठी और बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। उसके गले से मंगलसूत्र और अलमारी से सोने के अन्य सामान निकाल लिए गए।
आरोप है कि अपराधियों ने मोबाइल केबल से उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। इसके बाद दूसरे कमरे में ले जाकर उसके हाथ-पैर और मुंह बांध दिए। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं होने की बात उसने पुलिस को बताई।
दो दिन से मोबाइल पर आ रहे थे कई फोन
सोनाली के अनुसार, पिछले दो दिनों से हैप्पी के मोबाइल पर लगातार कई फोन आ रहे थे और वह परेशान दिखाई दे रहा था। पूछने पर वह ड्यूटी से संबंधित फोन होने की बात कहकर उसे दूसरे कमरे में जाने को कह देता था। घटना को लेकर कुछ परिस्थितियों पर भी चर्चा हो रही है।
स्थानीय लोगों के बीच पत्नी के बयान में अपराधियों के घर से भागने के रास्ते को लेकर अलग-अलग बातें सामने आने की चर्चा है। पुलिस के पहुंचने पर पीछे का दरवाजा अंदर से खोले जाने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इन परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पैर टूटने के बाद अस्पताल से लौटा था हैप्पी
बताया जाता है कि बीते पांच अक्टूबर को घर के सामने वालीबाल खेलने के दौरान हैप्पी का पैर टूट गया था। वह करीब दस दिनों तक गांधीनगर अस्पताल में भर्ती रहा। तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर पैर में प्लास्टर के साथ गिद्दी लौटा था। इसी दौरान उसकी पत्नी भी अपने मायके से गिद्दी आई थी।
बताया जाता है कि सोनाली जुलाई महीने से अपने बच्चे के साथ मायके में रह रही थी। दोनों का विवाह करीब चार वर्ष पहले हुआ था और उनका ढाई साल का एक बेटा है, जो फिलहाल ननिहाल में है।
दूध पहुंचाने वाले दोस्त के नहीं आने की भी चर्चा
मृतक के करीबी दोस्त विनय के बारे में बताया जाता है कि वह रात में हैप्पी के घर दूध पहुंचाने आता था। सामान्य तौर पर सोनाली घर के अंदर जाकर दूध लेती थी, लेकिन घटना वाली रात वह बर्तन लेकर बाहर आई और वहीं दूध लिया। यह भी चर्चा है कि विनय ने उस रात हैप्पी को फोन नहीं किया था। इन बातों को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि इनका घटना से संबंध अभी स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हैप्पी मिलनसार और सुलझे स्वभाव का युवक था। उसके साथ इस तरह की वारदात होने से लोग स्तब्ध हैं। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि यदि अपराधियों का मकसद केवल लूटपाट था, तो इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
गिद्दी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
