विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बीफ के शक में वैन चालक की हत्या के बाद रामगढ़ में तनाव कायम

By Sachin MishraEdited By:
Published: Fri, 30 Jun 2017 09:18 AM (IST)Updated: Fri, 30 Jun 2017 04:21 PM (IST)

आक्रोशित लोगों ने प्रतिबंधित मांस मिलने पर वैन में आग लगा दी और चालक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।

बीफ के शक में वैन चालक की हत्या के बाद रामगढ़ में तनाव कायम
बीफ के शक में वैन चालक की हत्या के बाद रामगढ़ में तनाव कायम

संवाद सहयोगी, रामगढ़। शहर के बाजारटांड़ में स्थानीय लोगों ने प्रतिबंधित मांस लदे एक मारुति वैन को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चार बोरे में भरे प्रतिबंधित मांस को वैन से उतारने के बाद वैन में आग लगा दी और वैन चालक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। बाद में इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाते समय रास्ते में चालक की मौत हो गई।

वहीं, प्रतिबंधित मांस को ले चालक की हत्या के मामले में शुक्रवार को तनाव कायम है। अरगडा में बजरंग दल के कार्यकर्ता के घर पर पथराव किया गया। इस दौरान कार्यकर्ता जान बचाकर भागा। भाई लापता है। युवक आठ किमी दूर मृतक का गांव मनुआ से पथराव करने पहुंचे थे। पुलिस मार्च कर रही। एसपी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मनुआ गांव पहुंच गए हैं।

पुलिस ने वैन चालक के साथ मारपीट कर हत्या करने के मामले में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। घटना के विरोध में शाम को गिद्दी के मनुआ फूलसराय से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आकर रामगढ़ थाना का घेराव कर दिया। पुलिस ने दोषियों को दो घंटे के अंदर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। घटना का शिकार चालक मो. अलीमुद्दीन मनुआ फूलसराय का ही रहनेवाला था।

बताया जाता है कि गुरुवार सुबह प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने इस घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए रामगढ़-बोकारो मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस वहां पहुंची और चालक को किसी तरह से लोगों से बचाते हुए गाड़ी में लादकर गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस उसे इलाज के लिए रिम्स ले जा रही थी कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक की मौत को पूरी तरह गुप्त रखते हुए पुलिस ने सतर्कता के साथ मामले को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग रेंज के डीआइजी भीम सेन टूटी, उपायुक्त राजेश्वरी बी, एसपी किशोर कौशल अन्य अधिकारियों के साथ घटना को लेकर घंटों बैठक कर रणनीति बनाते रहे।

प्रतिबंधित मांस पकड़ने के बाद लोगों ने मारुति वैन को आग के हवाले करने के बाद चालक की पिटाई कर दी थी। पिटाई के कारण उसकी मौत हो गई है। पुलिस मारपीट करने वाले लोगों की पहचान कर रही है। दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

- किशोर कौशल, एसपी, रामगढ़।