विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Election Results 2024: पश्चिमी सिंहभूम जिले में भाजपा का सूपड़ा साफ, सभी 5 सीटों पर जीता गठबंधन

Published: Sat, 23 Nov 2024 05:32 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक बार फिर भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। गठबंधन ने जिले की ...और पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम जिले की सभी सीटों पर बीजेपी की हार
पश्चिमी सिंहभूम जिले की सभी सीटों पर बीजेपी की हार

HighLights

  1. पश्चिमी सिंहभूम जिले की सभी 5 सीटों पर गठबंधन का कब्जा
  2. 4 सीटों पर झामुमो तो एक सीट पर कांग्रेस को मिली जीत

जागरण संवाददाता, चाईबासा। Jharkhand Election Results 2024: पश्चिमी सिंहभूम जिले में झामुमो-कांग्रेस का दबदबा बरकरार रहा। यहां इस बार भी भारतीय जनता पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। भाजपा ने इस चुनाव में चार सीटों पर स्वयं प्रत्याशी खड़े किये थे जबकि एक सीट आजसू को दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा।

4 में JMM और एक सीट में कांग्रेस का कब्जा

पश्चिमी सिंहभूम जिले की पांच में से चार विधानसभा सीटों पर झामुमो और एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। चाईबासा सदर विधानसभा सीट से झामुमो प्रत्याशी सह सरकार में मंत्री रहे दीपक बिरुवा, जगन्नाथपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सोनाराम सिंकू, मझगांव सीट से झामुमो प्रत्याशी निरल पुरती, चक्रधरपुर से सीट से सुखराम उरांव और मनोहरपुर से सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी के पुत्र जगत मांझी ने जीत दर्ज की है।

भाजपा का नहीं खुला खाता

2019 के विधानसभा चुनाव में भी पश्चिमी सिंहभूम जिले से भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। भाजपा ने मधु कोड़ा व गीता कोड़ा को कांग्रेस से निकालकर अपने पाले में इस उम्मीद से किया था कि जिले में कम से कम एक या दो सीट कोड़ा दंपति दिला देंगे, मगर पहले लोकसभा चुनाव में और अब विधानसभा चुनाव में जगन्नाथपुर सीट से गीता कोड़ा को मिली हार के कारण भाजपा एक बार फिर यहां खाली हाथ रही।

सभी सिटिंग विधायक जीते

जिले में ऐसा पहली बार हुआ है कि सभी सिटिंग विधायक जीते हैं। दीपक बिरुवा ने लगातार चौथी बार, निरल पुरती ने तीसरी बार, सुखराम उरांव ने लगातार दूसरी बार और सोनाराम सिंकू ने दूसरी बार जीत दर्ज की है। जगत मांझी पहली बार चुनाव में खड़े हुए और जीत दर्ज की। इस एकतरफा जीत से झामुमो व कांग्रेस समर्थक उत्साहित हैं। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता शोक में डूब गये हैं।

जश्न मना रहे नेता

दमदार प्रदर्शन से उत्साहित आइएनडीआइए के प्रत्याशी दीपक बिरुवा, सोनाराम सिंकू व निरल पुरती ने चाईबासा के महिला कॉलेज में बने मतगणना स्थल पर गले मिलकर और हाथ मिलाकर आपस में एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। कहा कि हम लोगों ने हेमंत सोरेन को पश्चिमी सिंहभूम जिले की पांचों विधानसभा सीटें जीतकर उपहार दिया है।

जनता ने हेमंत सोरेन सरकार पर विश्वास जताया। इसी का नतीजा है कि हम लोगों को लगातार दूसरी बार झारखंड में बहुमत मिला है। चाईबासा सदर के विजयी प्रत्याशी दीपक बिरुवा ने कहा कि जनता के बीच रहने का लाभ हम सभी को मिला है। अब अधूरे कामों को मिलकर पूरा किया जायेगा।

जिले की पांच विधानसभा सीटों का परिणाम एक नजर में

1. चाईबासा विधानसभा सीट

दीपक बिरुवा (झामुमो)- 105878

गीता बालमुचू (भाजपा)- 41880

जीत का अंतर -63998

2. जगन्नाथपुर विधानसभा सीट

सोनाराम सिंकू (कांग्रेस)-56682

गीता कोड़ा (भाजपा)- 49244

जीत का अंतर -7438

3. मझगांव विधानसभा सीट

निरल पुरती (झामुमो)-89259

बड़कुंवर गागराई (भाजपा)- 31184

जीत का अंतर -58075

4. चकधरपुर विधानसभा सीट

सुखराम उरांव (झामुमो)-58033

शशी भूषण सामड (भाजपा)- 48757

जीत का अंतर-9276

5. मनोहरपुर विधानसभा सीट

जगत मांझी (झामुमो)- 72569

डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई (आजसू)- 40745

जीत का अंतर -31824

ये भी पढ़ें

Jharkhand Election Result 2024: झारखंड की इन सीटों पर नहीं दिखा मोदी-शाह का असर, योगी-राजनाथ भी फेल

Dumka vidhan sabha Chunav Result: JMM के बसंत सोरेन ने अपने नाम की दुमका सीट, इतने वोटों से हासिल की जीत