विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोजगार की तलाश में दुबई गया पलामू का युवक मुसीबत में! धोखाधड़ी के आरोप में हिरासत में; भारत वापसी की गुहार

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:41 PM (IST)

पलामू के शशि कुमार पासवान को दुबई में वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में हिरासत में लिया गया है। जनप्रतिनिधि और परिवार उनकी सुरक्षित भारत वापसी के लिए विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

रोजगार की तलाश में दुबई गया पलामू का युवक मुसीबत में (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

रोजगार की तलाश में दुबई गया पलामू का युवक मुसीबत में (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पलामू के शशि कुमार पासवान दुबई में हिरासत में।

  2. वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में फंसा युवक।

  3. सुरक्षित भारत वापसी के लिए जनप्रतिनिधियों की पहल।

संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। रोजगार की तलाश में दुबई गए पलामू के युवक शशि कुमार पासवान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में दुबई के अल रशीदिया पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखे गए शशि की सुरक्षित भारत वापसी के लिए अब जनप्रतिनिधियों ने पहल तेज कर दी है। 

पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान ने बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन से मिलकर आवेदन सौंपा है। उन्होंने विदेश मंत्रालय के माध्यम से युवक को कांसुलर और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। 

2025 में गया था संयुक्त अरब अमीरात

आवेदन के अनुसार, हुसैनाबाद प्रखंड के पथरा पंचायत निवासी शशि कुमार पासवान (पिता जानकी पासवान) 26 अप्रैल 2025 को रोजगार के लिए संयुक्त अरब अमीरात गए थे। वह अबू धाबी स्थित पायनियर जनरल कंस्ट्रक्शन एलएलसी में हेल्पर के पद पर कार्यरत थे। 

उनकी पत्नी सुमित्रा कुमारी ने 28 अक्टूबर 2026 को झारखंड सरकार के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद भारतीय महावाणिज्य दूतावास, दुबई से संपर्क किया गया। चार नवंबर को दूतावास ने ई-मेल के माध्यम से उनकी हिरासत की पुष्टि की।

विदेश मंत्रालय ने दी अदालती सुनवाई की जानकारी

मुखिया के आवेदन पर विदेश मंत्री कार्यालय, नई दिल्ली ने मंत्री के निजी सचिव को पत्र भेजकर मामले की स्थिति से अवगत कराया है। पत्र के अनुसार, दुबई स्थित भारतीय कौंसलावास ने स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया है। 

शशि कुमार पासवान वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में केस नंबर 27175/2026 के तहत हिरासत में हैं। मामला अदालत में पहुंच चुका है और सुनवाई जारी है। पहली सुनवाई 16 नवंबर को हुई थी, जबकि अगली सुनवाई 23 नवंबर 2026 को निर्धारित थी। कौंसलावास के अधिकारी उनके परिवार के संपर्क में हैं और आगे की जानकारी उपलब्ध कराते रहेंगे।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर

मुखिया नरेश पासवान ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। विदेश में युवक की हिरासत से परिजन मानसिक, सामाजिक और आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उन्होंने सरकार से परिवार को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन देने के साथ ही कानूनी प्रक्रिया के तहत शशि की सुरक्षित भारत वापसी के लिए प्रभावी पहल करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- पलामू: बच्चों के साथ सोई थी मां, सुबह फंदे पर लटका मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।