पलामू: बच्चों के साथ सोई थी मां, सुबह फंदे पर लटका मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मेदिनीनगर के बैरिया में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला, जिसकी पहचान पूजा देवी के रूप में हुई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मेदिनीनगर के बैरिया में महिला का शव मिला। (फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
मेदिनीनगर के बैरिया में महिला का शव फंदे पर मिला।
बच्चे ने मां को फंदे पर लटका देख परिजनों को बताया।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर थाना क्षेत्र के बैरिया में बाजार समिति गेट के सामने एक मकान में महिला का शव फंखे में दुपट्टा के फंदे पर लटका मिला। महिला पति से अलग दूसरे कमरे में बच्चों के साथ सोई हुई थी। मां को फंदे पर लटका देख बच्चे के रोने पर घटना की जानकारी बुधवार सुबह तीन बजे के बाद हुई।
परिजनों ने घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी। पुलिस जांच में जुटी है। महिला की पहचान पूजा देवी (30 वर्ष) पति अमित कुमार के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पिता नगर ऊंटारी निवासी भरत कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। पिता नगर ऊंटारी के एसडीओ के ड्राइवर हैं।
जानकारी के अनुसार, हर दिन की तरह पूजा देवी अपने दो बच्चे एक बेटे एवं एक बेटी को लेकर अलग कमरे में सोई थी। सुबह करीब 3:00 बजे बेटे ने मां के शव को फंदे पर लटका देखा। रोने पर पति समेत घर के अन्य सदस्यों की नींद खुली। बाद में करीब साढ़े तीन बजे इसकी सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फंदे को काटकर डेड बॉडी को उतारा।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पति-पत्नी के बीच बातचीत नहीं होती थी। लंबे समय से दोनों अलग-अलग कमरे में सोते थे। पति की रेडमा में दवा की दुकान है। पति के शराब पीने पर पत्नी विरोध करती थी। पारिवारिक विवाद भी सामने आया है। हालांकि दोनों ने पिछले दिनों छठ पर्व साथ में किया था।
शहर थाना पुलिस मामले को जांच कर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अनुसंधान में महिला के शरीर पर किसी तरह के मारपीट के निशान नहीं पाए गए हैं। डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए सुबह आठ बजे मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया गया है। घटना के बाद से ससुराल और मायके पक्ष के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।