कॉर्पोरेट जॉब छोड़ 1 बाइक से शुरू किया दूध का कारोबार, अब 2 राज्यों में फैला; पलामू की नेहा को मिला सम्मान
मेदिनीनगर की स्वधा एग्री प्राइवेट लिमिटेड की सीईओ नेहा भारती को झारखंड उद्यम उत्सव 2026 में बेस्ट वुमेन-लेड बिजनेस अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

नेहा को मिला बेस्ट वुमेन-लेड बिजनेस अवॉर्ड। (जागरण)
HighLights
नेहा भारती को झारखंड उद्यम उत्सव में बेस्ट वुमेन-लेड बिजनेस अवार्ड।
स्वधा एग्री डिजिटल दूध आपूर्ति और गुणवत्ता आधारित भुगतान प्रणाली।
कोविड लॉकडाउन में शुरू होकर दो राज्यों में फैला स्टार्टअप।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। मेदिनीनगर से शुरू हुई महिला उद्यमिता की पहल ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। डेयरी-टेक स्टार्टअप स्वधा एग्री प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापिका एवं सीईओ नेहा भारती को झारखंड उद्यम उत्सव 2026 में बेस्ट वुमेन-लेड बिजनेस अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
इंडस्ट्रियल इनोवेशन श्रेणी में यह सम्मान शनिवार को रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने नेहा भारती को प्रमाणपत्र के साथ 50 हजार रुपये का चेक सौंपा। 26 नवंबर को राज्यस्तरीय जूरी के समक्ष प्रस्तुति के बाद कंपनी का चयन किया गया था।
जूरी की अध्यक्षता श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव जितेंद्र सिंह ने की। जूरी ने कंपनी की डिजिटल दूध आपूर्ति व्यवस्था और गुणवत्ता आधारित भुगतान प्रणाली की सराहना की।
कोविड लॉकडाउन में शुरू हुआ था स्टार्टअप
वर्ष 2021 में कोविड लॉकडाउन के दौरान डालटनगंज से शुरू हुआ यह सफर आज दो राज्यों तक पहुंच चुका है। निफ्ट दिल्ली से पढ़ाई करने के बाद करीब नौ वर्षों तक कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम कर चुकीं नेहा भारती ने पलामू लौटकर किसानों को दूध का उचित मूल्य दिलाने और शहरी परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण दूध पहुंचाने की पहल की थी।
शुरुआत में एक बाइक से घरों तक दूध पहुंचाया जाता था और हिसाब-किताब कॉपी में रखा जाता था। धीरे-धीरे इस पहल को डिजिटल तकनीक से जोड़कर व्यवस्थित डेयरी कारोबार का स्वरूप दिया गया।
वर्तमान में मेदिनीनगर और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कंपनी की दो इकाइयां संचालित हैं। इनके माध्यम से 1600 से अधिक किसान जुड़े हैं और 5000 से अधिक परिवारों तक दूध की आपूर्ति की जा रही है।
कंपनी अब तक 10 लाख से अधिक डिलीवरी कर चुकी है। किसानों को पशु आहार के लिए उधार की सुविधा देने के साथ नियमित दूध आपूर्ति के रिकॉर्ड के आधार पर बैंक ऋण के लिए सिफारिश पत्र भी उपलब्ध कराया जाता है।
डिजिटल तकनीक से दूध की गुणवत्ता और भुगतान में पारदर्शिता
कंपनी ने दूध की गुणवत्ता और भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया है। गांव में ही प्रत्येक किसान के दूध की फैट, एसएनएफ और घनत्व की जांच की जाती है। गुणवत्ता के आधार पर दूध की कीमत तय होती है।
किसान मोबाइल पर जांच और भुगतान का पूरा विवरण देख सकते हैं। वहीं, ग्राहक भी एप के माध्यम से प्रतिदिन दूध की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- धान के पुआल से मशरूम उगाएंगी गुमला की महिलाएं, कम लागत में बंपर कमाई का जरिया
यह सम्मान उन पशुपालको और उपभोक्ताओं का है, जिन्होंने शुरुआती कठिनाइयों के बावजूद स्वधा पर भरोसा किया। छोटे शहर से सीमित संसाधनों में शुरू हुआ यह सफर साबित करता है कि महिलाएं अपने क्षेत्र में रहकर भी बड़ा उद्यम खड़ा कर सकती हैं। लक्ष्य झारखंड के प्रत्येक शहर में स्थानीय डेयरी उद्यमी तैयार करना और पलामू में शुरू हुए इस ब्रांड को देशभर में विस्तार देना है।
नेहा भारती, सीईओ, स्वधा एग्री
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।