विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धान के पुआल से मशरूम उगाएंगी गुमला की महिलाएं, कम लागत में बंपर कमाई का जरिया

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:38 PM (GMT+05:30)

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गुमला में कृषि विज्ञान केंद्र और आईआईएबी रांची के सहयोग से मशरूम उत्पादन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. गुमला में ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया।

  2. कम लागत में स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर खुलेंगे।

  3. मशरूम उत्पादन से पोषण सुरक्षा और कुपोषण से लड़ने में मदद।

जागरण संवाददाता, गुमला। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) गुमला एवं आईआईएबी रांची के संयुक्त सहयोग से बनालात में मशरूम उत्पादन पर प्रशिक्षण एवं प्रत्यक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विकास भारती बिशुनपुर के कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 25 महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान केवीके के वैज्ञानिक अटल बिहारी तिवारी एवं इंजीनियर एनो राई ने महिलाओं को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी।

उन्हें मशरूम बीज (स्पान) का चयन, धान के भूसे का उपचार, बैग तैयार करने, बीज की बुआई, नमी एवं तापमान प्रबंधन तथा फसल की तुड़ाई और भंडारण की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

अधिक जमीन की नहीं होती है आवश्यकता

साथ ही उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि मशरूम उत्पादन के लिए अधिक जमीन या पूंजी की आवश्यकता नहीं होती।

धान के पुआल जैसे स्थानीय कृषि अवशेषों का उपयोग कर महिलाएं घर के छोटे कमरे में भी इसका उत्पादन शुरू कर सकती हैं। इससे कृषि अपशिष्ट का सदुपयोग होने के साथ अतिरिक्त आमदनी का रास्ता भी खुलेगा।

केवीके अध्यक्ष डॉ. बृजेश पांडेय ने बताया कि इस पहल के तहत कुल 75 किसानों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। मशरूम प्रोटीन, विटामिन, खनिज तत्व और आहार रेशे का अच्छा स्रोत है।

इसके सेवन से परिवारों के भोजन की पोषण गुणवत्ता बेहतर होगी और कुपोषण की समस्या से लड़ने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में महिलाओं को मशरूम उत्पादन को घरेलू गतिविधि तक सीमित नहीं रखकर लघु उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे स्थानीय बाजार में उत्पाद बेचकर नियमित आमदनी अर्जित कर सकें।

यह भी पढ़ें- दूध उत्पादन बढ़ाने का देसी फॉर्मूला: 8 रुपये KG मिल रहा 'साइलेज', जानिए बुकिंग और चारा खिलाने का तरीका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।