'भारत को आगे नहीं बढ़ने देना चाहतीं विदेशी शक्तियां', झारखंड में RSS के प्रांत शारीरिक प्रमुख कुणाल का बयान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत शारीरिक प्रमुख कुणाल कुमार ने मेदिनीनगर में विजयदशमी उत्सव पर कहा कि कई शक्तियां भारत की प्रगति नहीं चाहतीं, जिनके लिए संघ एक चुनौती है।

RSS की शाखा। फोटो जागरण
HighLights
विश्व की कई शक्तियां भारत की प्रगति नहीं चाहतीं।
संघ समाज को संगठित कर सामाजिक एकता मजबूत करता है।
मेदिनीनगर में विजयदशमी उत्सव पर पथ संचलन और शस्त्र पूजन।
जागरण संवाददाता, मेदिनीगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत शारीरिक प्रमुख कुणाल कुमार ने कहा कि विश्व में ऐसी अनेक शक्तियां हैं, जो भारत को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं। ऐसे में संघ उनके लिए एक चुनौती बनी हुई है।
भारतीय संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने के प्रयासों के दौरान संघ की आलोचना की जाती है, क्योंकि संघ सदैव समाज को संगठित करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए तत्पर रहा है। संघ अपनी स्थापना के 101 में वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
अब संघ गतिविधियों को समाज में और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता है। वे शुक्रवार को मेदिनीनगर में आरएसएस की ओर से आयोजित विजयदशमी उत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वयंसेवक को प्रतिदिन शाखा में जाने की आदत विकसित करनी चाहिए। आज समाज की दृष्टि संघ की ओर है। विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर लोग संघ से मार्गदर्शन की अपेक्षा करते हैं।
संघ ने प्रारंभिक दिनों से ही अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा दिया है तथा लोगों को इसके लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के समापन के साथ-साथ स्थापना के शुरुआती दिनों से लेकर वर्तमान समय तक की विभिन्न चुनौतियों और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए समाज के प्रति संघ के दायित्वों को रेखांकित किया। कार्यक्रम का आयोजन कंधा कांड मोहल्ला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पथ संचलन से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। पथ संचलन सरस्वती शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर सूर्य मंदिर, अध्यक्ष रोड होते हुए साहित्य समाज चौक तक पहुंचा। वहां से मेजर मोड़ होते हुए वापस सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।
पथ संचलन के बाद संघ की परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला सह संघचालक श्याम किशोर सिंह, नगर संघचालक मनी वर्णवाल, प्रांत सह संपर्क प्रमुख राजीव सिंह, विभाग कार्यवाह सत्येन्द्र सिंह, विधायक शशिभूषण मेहता सहित कई प्रमुख लोग थे।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Politics: धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में कांग्रेस का होगा बंटवारा, शहरी और ग्रामीण कमेटियां बनेंगी
यह भी पढ़ें- दुर्गा पूजा में तबीयत बिगड़ी तो घबराएं नहीं, रांची में 5 जगह तैनात रहेगी 108 एंबुलेंस; नोट कर लें नंबर
