झारखंड के कुख्यात राहुल दुबे गैंग पर शिकंजा, छोटू मिश्रा की गिरफ्तारी से खुला हथियार तस्करी नेटवर्क का राज
पलामू पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के सदस्य रोहित मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा को रंगदारी के लिए फायरिंग मामले में गिरफ्तार किया है।

पुलिस गिरफ्त में आरोपित। जागरण
HighLights
राहुल दुबे गैंग का सदस्य छोटू मिश्रा गिरफ्तार।
रंगदारी के लिए फायरिंग मामले में हुई गिरफ्तारी।
गिरोह के हथियार नेटवर्क का हुआ खुलासा।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रजडेरवा एनएच निर्माण स्थल पर रंगदारी के लिए फायरिंग मामले में आरोपित रोहित मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा (30) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार छोटू मिश्रा विश्रामपुर थाना क्षेत्र के अमवा गांव का निवासी है। पुलिस को पूछताछ में गिरोह के हथियार नेटवर्क और हथियार सप्लायरों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
फायरिंग केस में हुई गिरफ्तारी
20 अगस्त को सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान रंगदारी मांगने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से करीब पांच राउंड फायरिंग की गई थी।
इसमें पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी संजय हांसदा और अजय हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संबंध में सतबरवा थाना कांड संख्या 128/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
नवंबर के पहले सप्ताह में हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में घायल अपराधी अंशु दुबे से पुलिस को रजडेरवा फायरिंग मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे।
उन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर छोटू मिश्रा को गिरफ्तार किया। सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सूचना और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई की।
सप्लायर प्रकाश शुक्ला के बारे में मिली जानकारी
पुलिस जांच में गिरोह के हथियार सप्लायर प्रकाश शुक्ला के संबंध में भी जानकारी मिली है। गिरोह के सदस्य पलामू, हजारीबाग और लातेहार समेत विभिन्न इलाकों में शूटरों को हथियार उपलब्ध कराते हैं।
पुलिस को एक ही हथियार से पलामू और हजारीबाग क्षेत्र में फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। घटना के बाद हथियार वापस लेकर दूसरे सदस्यों को उपलब्ध कराने की भी बात सामने आई है।
फायरिंग की थी योजना
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को चैनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान राहुल दुबे गिरोह से जुड़े चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था।
गिरोह के सदस्य सतबरवा क्षेत्र में भी रंगदारी के लिए फायरिंग की योजना बना रहे थे। गिरोह के खिलाफ निगरानी बढ़ाते हुए पुलिस अवैध हथियार नेटवर्क की पड़ताल और ऑपरेशन सफाया के तहत कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार छोटू मिश्रा के खिलाफ पहले से नावा बाजार, कांडी और विश्रामपुर थाना क्षेत्रों में रंगदारी, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत छह मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लायरों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।