शादी समारोह में गया था परिवार, लौटने पर उड़े होश: बोकारो में 15 से 17 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ
बोकारो के सेक्टर-12 सी में एक घर से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित 15 से 17 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली।

घटना के समय गृहस्वामी राजेंद्र दास का परिवार एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए धनबाद के राजगंज गया हुआ था। (AI Generated Image)
HighLights
बोकारो के सेक्टर-12 सी में घर में हुई बड़ी चोरी।
पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, संदिग्ध हिरासत में।
जासं, बोकारो। शहर के सेक्टर-12 सी स्थित आवास संख्या 3073 में अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी उड़ा ली।
चोरी गए सामान की कीमत लगभग 15 से 17 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के समय गृहस्वामी राजेंद्र दास का परिवार एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए धनबाद के राजगंज गया हुआ था। परिवार के सदस्यों के वापस लौटने पर वारदात का खुलासा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य बीते मंगलवार को घर में ताला लगाकर राजगंज गए थे। बुधवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला और इंटरलॉक टूटा हुआ मिला।
अंदर प्रवेश करने पर कमरों में सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी समेत अन्य कमरों को खंगाला और दीवान में छिपाकर रखे गए जेवरात भी चुरा लिए।
घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने पड़ोसियों व आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की।
संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।