भाई की मौत में जादू-टाने का था शक, पलामू में 2 युवकों ने बुजुर्ग का गला काटा
पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में डायन-बिसाही के आरोप में 60 वर्षीय बुजुर्ग सीताराम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पलामू में डायन-बिसाही के आरोप में बुजुर्ग की हत्या।
मृतक सीताराम पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
दो आरोपी प्रमोद और सोनू घटना के बाद से फरार।
संवाद सूत्र, नौडीहा बाजार (पलामू)। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव में बुधवार की सुबह डायन-बिसाही के आरोप में 60 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव निवासी सीताराम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
40 वर्षों से ससुराल में रह रहे थे सीताराम
जानकारी के अनुसार, सीताराम पिछले करीब 40 वर्षों से नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे।
बताया जाता है कि गांव के ही महंग राम के परिवार के साथ उनका विवाद चल रहा था। महंग राम के स्वजन सीताराम पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते थे और इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
युवक की मौत के बाद बुजुर्ग की हत्या
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले महंग राम के 22 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। स्वजनों ने उसे इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विवेक की मौत की खबर मिलने के बाद बुधवार की सुबह महंग राम के पुत्र प्रमोद कुमार और सोनू कुमार कथित तौर पर सीताराम के घर पहुंचे।
आरोप है कि दोनों ने डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए सीताराम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलने पर नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार और सरइडीह पिकेट प्रभारी अजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
