विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब बाघों के पैरों के निशान बताएंगे उनकी मौजूदगी, पलामू टाइगर रिजर्व में बन रहे 400 खास पैड

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:57 AM (IST)

पलामू टाइगर रिजर्व में बाघों समेत अन्य वन्यजीवों की वैज्ञानिक निगरानी को मजबूत किया जा रहा है, जिसके लिए जंगलों में प्रेशर इम्प्रेशन पैड (पीआईपी) बनाए जा रहे हैं। 

पलामू के वन विभाग जंगलों में प्रेशर इम्प्रेशन पैड की तैयारी। (फोटो- जागरण)

पलामू के वन विभाग जंगलों में प्रेशर इम्प्रेशन पैड की तैयारी। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. पलामू टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की निगरानी मजबूत की जा रही है।

  2. प्रेशर इम्प्रेशन पैड (पीआइपी) से पदचिह्न दर्ज किए जाएंगे।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू टाइगर रिजर्व में बाघों समेत अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों और आवागमन की वैज्ञानिक निगरानी को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत वन विभाग जंगलों में प्रेशर इम्प्रेशन पैड (पीआईपी) तैयार कर रहा है।

अब तक उत्तरी और दक्षिणी प्रमंडल में करीब 300 पीआइपी बनाए जा चुके हैं। इनमें दक्षिण प्रमंडल में पिछले एक सप्ताह के दौरान लगभग 150 पैड तैयार किए गए हैं। दक्षिण प्रमंडल में इनकी संख्या 200 से अधिक करने और पूरे टाइगर रिजर्व में करीब 400 पीआइपी बनाने का लक्ष्य है।

पदचिह्नों से मिलेगी वन्यजीवों की मौजूदगी की जानकारी

प्रेशर इम्प्रेशन पैड जंगल के रास्तों, पगडंडियों और सूखे नालों में मिट्टी को समतल कर बनाए गए विशेष पैच होते हैं। इनसे गुजरने वाले वन्यजीवों के पदचिह्न दर्ज होते हैं। इनके जरिए बाघ, तेंदुआ, भालू, जंगली कुत्ता, लकड़बग्घा, सियार, हाथी और गौर समेत कई प्रजातियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सकेगा।

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वन बीट में न्यूनतम पांच पीआइपी बनाए रखने का प्रावधान है। इनके साथ जीपीएस लोकेशन, वन प्रकार और स्थलाकृति का विवरण भी दर्ज किया जाता है।

नियमित सर्वेक्षण से तैयार होगा आंकड़ा

वन विभाग इन पैडों का नियमित निरीक्षण और निर्धारित अंतराल पर सर्वेक्षण करेगा। प्राप्त पदचिह्नों का प्रजातिवार अभिलेखीकरण कर बीट स्तर पर वन्यजीवों की उपस्थिति और आवागमन का आंकड़ा तैयार किया जाएगा। इसका उपयोग अन्य वैज्ञानिक निगरानी विधियों के साथ वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन की योजनाएं बनाने में होगा।

पीआईपी वन्यजीवों की वैज्ञानिक निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनका नियमित निरीक्षण और पदचिह्नों का अभिलेखीकरण किया जाएगा, जिससे वन्यजीवों की गतिविधियों को समझने और संरक्षण योजनाओं को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

- अंजिक्य वनीकर देवीदास, (उप निदेशक, दक्षिणी प्रमंडल) पलामू टाइगर रिजर्व। 

यह भी पढ़ें- कॉर्पोरेट जॉब छोड़ 1 बाइक से शुरू किया दूध का कारोबार, अब 2 राज्यों में फैला; पलामू की नेहा को मिला सम्मान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।