Jharkhand Weather Update: सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शनिवार, पलामू में 44.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान
पलामू जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी है, शनिवार को तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।

पलामू में हीटवेव का कहर। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर (Heatwave) लगातार जारी है। आग उगले सूरज किरणों से पूरा जिला झुलस रहा है। लोगों के मुंह से उफ अब नहीं... निकल रहा है। लगातार तापमान में वृद्धि होने से पूरा जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।
सुबह आठ बजे से लू चलना शुरू हो जाता है। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता है, वैसें-वैसे गर्मी का वेग भी बढ़ता जाता है। दोपहर 12 बजे तक सड़के सूनी हो जाने से अघोषित कफ्यू से नजारा हो जाता है।
गर्मी के प्रचंड वेग से बचने के लिए चिकित्सकों ने सिर ढ़ककर निकलने, छाता या गमछा इस्तेमाल करने की सलाह दी है। शनिवार को भी तापमान में रिकार्ड वृद्धि दर्ज की गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।
जिले का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत से काफी अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.5° डिग्री तक पहुंच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं (लू) ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है।
सुबह के समय से ही गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। सुबह 10 बजे तक तापमान तेजी से बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे दिन चढ़ने के साथ ही हालात और भी विकट हो गए।
सड़कों में पसरा सन्नाटा
दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और आवश्यक काम से ही लोग घरों से बाहर निकले। बाजारों में भी आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ देखी गई( गर्मी के बढ़ते प्रभाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खासकर मजदूर वर्ग, रिक्शा चालक और खुले में काम करने वाले लोगों के लिए यह मौसम चुनौतीपूर्ण बन गया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तापमान में विशेष गिरावट के आसार नहीं हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी ने जिले में आम जीवन की रफ्तार को धीमा कर दिया।
