SSR मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष-सचिव की संपत्ति होगी कुर्क, रांची कोर्ट ने जारी किया इश्तिहार; धोखाधड़ी का मामला
रांची सिविल कोर्ट ने SSR मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी मामले में इश्तिहार जारी किया है।
-1777141621903_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, रांची। धोखाधड़ी और विश्वासघात तथा षड्यंत्र रचने की घटना को लेकर दर्ज एक मामले की सुनवाई करते हुए सिविल कोर्ट रांची की एक अदालत ने SSR मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष रुद्र प्रताप नारायण सिंह और सचिव रणजीत कौर के खिलाफ इश्तिहार जारी किया है।
उक्त कार्रवाई सिविल कोर्ट रांची स्थित प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी एमके सिंह की अदालत ने मामले में दोनों आरोपितों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए की है। शनिवार को मामले से जुड़े जांच पदाधिकारी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ इश्तिहार की प्रति हासिल कर ली है।
जांच पदाधिकारी उक्त इश्तहार की प्रति को दोनों आरोपितों के दिल्ली स्थित पते पर चश्पा करने की कार्रवाई करेंगे। इश्तिहार की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
कोर्ट में नहीं हुए हाजिर
इससे पूर्व मामले के जांच पदाधिकारी ने अदालत के समक्ष दोनों आरोपितों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कोर्ट के समक्ष गिरफ्तारी वारंट जारी करने का अनुरोध किया था।
जांच पदाधिकारी ने कोर्ट के समक्ष आवेदन देकर कहा कि दोनों आरोपितों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 41ए के तहत लगातार तीन नोटिस दिया गया। दोनों आरोपित अरगोड़ा थाना से जारी नोटिस को प्राप्त करने के बाद भी ना तो कोर्ट में हाजिर हुए और ना ही जांच पदाधिकारी के समक्ष।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार करने के लिए जांच पदाधिकारी दिल्ली गए लेकिन दोनों आरोपी दिल्ली स्थित आवास पर नहीं पाए गए । कोर्ट में दाखिल आवेदन के माध्यम से जांच पदाधिकारी ने कोर्ट से अनुरोध किया कि दोनों जानबूझकर हाजिर नहीं हो रहे हैं।
जांच पदाधिकारी के आवेदन पत्र पर सुनवाई करने के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपितों के खिलाफ इश्तिहार जारी करने का निर्देश दिया है।
मॉरीशस में मेडिकल कॉलेज के नाम पर धोखाधड़ी
बता दें कि दोनों ने मॉरीशस में मेडिकल कॉलेज खोला है, जिसका कार्यालय दिल्ली में है। उक्त मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कॉलेज के पूर्व छात्र अरगोड़ा रांची निवासी कैरव कीर्तने के पिता अजय कुमार ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है।
आरोप है कि दोनों एक आपराधिक षड्यंत्र के तहत मारीशस यूनिवर्सिटी द्वारा प्रदत नियमों का उल्लंघन करते हुए भ्रामक विज्ञापन के सहारे करोड़ों की राशि उगाही करने की मंशा से सीमित संख्या से अधिक मेडिकल फैकल्टी में छात्रों का नामांकन ले लेता है। उसके बाद छात्रों को तरह-तरह से प्रताड़ित कर उसे कॉलेज छोड़ने के लिए मजबूर कर देता है।
