पलामू: पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली बुआ-भतीजी, घंटों हुई तलाश; पुलिस ने किया बरामद
पलामू के चैनपुर से लापता हुईं 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र ...और पढ़ें

चैनपुर से लापता बुआ-भतीजी को पुलिस ने किया बरामद। जागरण
HighLights
चैनपुर से लापता बुआ-भतीजी को पुलिस ने भीमगड़ा से बरामद किया।
पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली थीं दोनों बच्चियां।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध से लापता हुईं 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों लकड़ी चुनने की बात कहकर घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाना पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर सर्च अभियान चलाया। लापता होने वाले क्षेत्र में कई तालाब होने के कारण अनहोनी की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की मदद से तालाबों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चियों को सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा में देखा गया है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बरामद कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के पिता की डांट से नाराज होकर घर से चले जाने की बात सामने आई है। परिजन दोनों पर घरेलू काम को लेकर दबाव बनाते थे। एक बच्ची का ननिहाल लातेहार के अमवाटिकर क्षेत्र में है।
दोनों ट्रेन से लातेहार गई थीं, लेकिन नानी का घर दूर होने और पैसे की कमी के कारण वहां नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद दोनों वापस लौट आईं और भीमगड़ा क्षेत्र में रहने लगीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को सकुशल बरामद कर लिया।
