दुर्गा पूजा से पहले पलामू पुलिस अलर्ट, 60 खराब CCTV कैमरे हुए चालू; शहर थाना प्रभारी को SP ने किया पुरस्कृत
पलामू पुलिस ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 60 खराब सीसीटीवी कैमरों को ठीक ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा से पहले पलामू में 60 सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त। जागरण
HighLights
दुर्गा पूजा से पहले 60 सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार को पुरस्कृत।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पलामू पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की पहल की है। शहर में लगाए गए कुल 113 सीसीटीवी कैमरों में से करीब 60 खराब कैमरों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया गया है।
इस कार्य में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार की पहल अहम रही। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने उन्हें 5,000 रुपये देकर पुरस्कृत किया।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखना जरूरी है। सीसीटीवी कैमरों के चालू होने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में पुलिस को मदद मिलेगी।
उन्होंने दुर्गा पूजा से पहले मेदिनीनगर शहर और चैनपुर थाना क्षेत्र में बंद पड़े शेष सीसीटीवी कैमरों को भी दुरुस्त कर चालू करने का निर्देश दिया है। शेष कैमरों की मरम्मत का काम जारी है। पुलिस का प्रयास है कि पर्व से पहले सभी बंद कैमरों को चालू कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
पलामू पुलिस का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
