महिला को डायन कहना संज्ञेय अपराध, दोषी को होगी जेल; पलामू में PDJ ने दी कानून की जानकारी
पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण ने कहा कि किसी महिला को डायन कहना कानूनन संज्ञेय अपराध है, जिसके लिए दोषी को जेल और जुर्माना हो सकता है।

दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत करते जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राधा कृष्ण। जागरण
HighLights
डायन कहना कानूनन संज्ञेय अपराध है, कड़ी कार्रवाई होगी।
दोषी को जेल और जुर्माना दोनों की सजा हो सकती है।
पलामू पीडीजे ने विधिक जागरूकता शिविर में यह बात कही।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। किसी भी महिला को डायन कहना कानूनन अपराध है। कोई व्यक्ति किसी महिला को डायन कहकर प्रताड़ित करता है, तो उसके विरुद्ध डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह एक संज्ञेय अपराध है। इसके लिए दोषी व्यक्ति को जेल और जुर्माना दोनों की सजा हो सकती है। ये बातें पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राधा कृष्ण ने कही।
वे रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के तत्वावधान में मेदिनीनगर सदर प्रखंड परिसर में आयोजित विधिक जागरूकता सह एंपावरमेंट कैंप में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता जारी
उन्होंने कहा कि समाज में अंधविश्वास व कुरीतियों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। पीडीजे ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है।
विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, अशिक्षित व कमजोर वर्ग के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। डीएलएसए के सचिव एसके गौतम ने डीएलएसए के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और फ्री कानूनी सहायता की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि डीएलएसए गरीब, असहाय, जरूरतमंद व पात्र लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तत्पर है। कोई व्यक्ति किसी कारणवश न्यायालय या डीएलएसए कार्यालय नहीं पहुंच सकता है, तो वह सादे कागज पर अपना आवेदन लिखकर डीएलएसए कार्यालय भेज सकता है।
उसके आवेदन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने 12 दिसंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन सदर बीडीओ जागो महतो ने किया। मौके पर रेलवे मजिस्ट्रेट, अंचल अधिकारी अमरजीत बलहोत्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
पीडीजे ने विभिन्न विभागों के स्टालों का किया निरीक्षण
विधिक जागरूकता शिविर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल लगाए गए थे। पीडीजे श्री राधा कृष्ण ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली व आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पीडीजे ने लाभुकों के बीच बांटी परिसंपत्तियां
शिविर के दौरान पीडीजे श्री राधा कृष्ण ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक प्रदान किया।
किसानों के बीच सरसों बीज का वितरण किया गया। इसके अलावा वृद्धजनों को स्वीकृत वृद्धावस्था पेंशन का स्वीकृति पत्र भी सौंपा।
यह भी पढ़ें- झरिया पुनर्वास परियोजना की प्रगति से पीएमओ संतुष्ट नहीं, गति बढ़ाने पर जोर; कोयला सचिव करेंगे समीक्षा