विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू: दावत खाने के 7 घंटे बाद 400 लोगों को उल्टी-बुखार, अब भोज के नमूनों की जांच से खुलेगा बीमारी का राज

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:10 PM (IST)

पलामू के छतरपुर स्थित जमुआ खरडीहा गांव में गृह प्रवेश भोज के बाद करीब 400 लोग बीमार पड़ गए, जिसकी जांच खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा निरीक्षक लव कुमार गुप्ता ने गांव पहुंचकर बचे भोजन के नमूने संग्रहित किए। जागरण फोटो

खाद्य सुरक्षा निरीक्षक लव कुमार गुप्ता ने गांव पहुंचकर बचे भोजन के नमूने संग्रहित किए। जागरण फोटो

HighLights

  1. गृह प्रवेश भोज के बाद 400 लोग बीमार पड़े।

  2. खाद्य सुरक्षा विभाग ने भोजन के नमूने लिए।

  3. छतरपुर अस्पताल में कई मरीजों का इलाज जारी।

संवाद सूत्र, छतरपुर (पलामू)। गृह प्रवेश समारोह के भोज के बाद जमुआ खरडीहा गांव में करीब 400 लोगों के बीमार पड़ने के मामले की जांच खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू कर दी है।

रविवार शाम खाद्य सुरक्षा निरीक्षक लव कुमार गुप्ता ने गांव पहुंचकर बचे भोजन के नमूने संग्रहित किए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को नौडीहा बाजार प्रखंड के जमुआ खरडीहा गांव निवासी विमलेश यादव के गृह प्रवेश समारोह में करीब 600 लोगों ने भोजन किया था।

भोज के लगभग सात घंटे बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, तेज बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।

रविवार की सुबह 40 से अधिक बीमार लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का गांव में ही इलाज किया गया।

इलाज के दौरान हालत में सुधार होने पर कई मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें खानपान को लेकर जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

फिलहाल गंभीर रूप से बीमार सत्येंद्र यादव (45), दिलीप कुमार (12), बारती देवी (60), रेनू कुमारी (15), संतराम (45), नीरज कुमार (12), राजेंद्र यादव (35), अंकित कुमार (5), प्रदीप यादव (35), आकाश कुमार (5) और ललिता देवी (34) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने गृहस्वामी के परिवार के सदस्यों की भी स्वास्थ्य जांच की। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर मरीजों की निगरानी कर रही है।

विभाग के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है। सोमवार को अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- पलामू में गृह प्रवेश की दावत पड़ी भारी, भोज खाने के बाद 400 से अधिक लोग बीमार; गांव में मचा हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।