पलामू में गृह प्रवेश की दावत पड़ी भारी, भोज खाने के बाद 400 से अधिक लोग बीमार; गांव में मचा हड़कंप
पलामू के जमुआ खरडीहा गांव में गृह प्रवेश समारोह के भोज के बाद 400 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिनमें से 40 से अधिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे विषाक्त भोजन का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

गृह प्रवेश भोज खाने से 400 से अधिक लोग हुए बीमार। (फोटो सोर्स- जागरण)
HighLights
गृह प्रवेश भोज खाने से 400 से अधिक लोग हुए बीमार।
पलामू के जमुआ खरडीहा गांव में फैली दहशत, हड़कंप।
संवाद सूत्र, छतरपुर (पलामू)। गृह प्रवेश की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब एक भोज में खाना खाने के बाद 400 से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना सामने आई। मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ खरडीहा गांव का है। शुक्रवार को विमलेश यादव के घर गृह प्रवेश समारोह में शामिल लोगों की तबीयत भोज खाने के बाद बिगड़ने लगी। किसी को उल्टी, किसी को बदन दर्द तो किसी को तेज बुखार की शिकायत हुई।
रविवार तक बीमार लोगों की संख्या लगातार बढ़ने से गांव में अफरातफरी मच गई।स्थिति गंभीर होने पर रविवार सुबह 40 से अधिक बीमार लोगों को इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दिलीप कुमार, रोशन कुमार, रेणु कुमारी, ललिता देवी, मंजू देवी, उर्मिला देवी, सतेंद्र यादव, प्रदीप यादव, निशा कुमारी, आकाश कुमार, शुभम कुमार, बिंदु देवी, केशरी यादव, रंजीत कुमार, किशुन यादव और बरती देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं।

वहीं, कई अन्य बीमार लोगों का गांव में ही उपचार किया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को आयोजित गृह प्रवेश समारोह में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। बताया जाता है कि भोज में 400 से अधिक लोगों ने भोजन किया था। इसके बाद धीरे-धीरे लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों ने परेशानी की शिकायत की, लेकिन अगले दो दिनों में बीमारों की संख्या बढ़ती चली गई।
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम जमुआ खरडीहा गांव भेजी गई है। टीम गांव में बीमार लोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है। साथ ही भोजन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।