विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू में जिस शव का पुलिस जवान समझकर हुआ अंतिम संस्कार, DNA रिपोर्ट में निकला कोई और; फिर उलझी गुत्थी

Published: Sat, 28 Nov 2026 04:54 PM (IST)

पलामू में 22 अगस्त 2025 को बरामद शव जिसे पुलिस जवान विजय उरांव का मानकर अंतिम संस्कार किया गया था, डीएनए रिपोर्ट में वह सतबरवा निवासी सुदामा भूइयां का निकला। 

DNA जांच में हुआ खुलासा। (जागरण)

DNA जांच में हुआ खुलासा। (जागरण)

HighLights

  1. शव की पहचान विजय उरांव के बजाय सुदामा भूइयां के रूप में हुई।

  2. डीएनए रिपोर्ट ने गलत पहचान का बड़ा खुलासा किया।

  3. लापता जवान विजय उरांव की तलाश फिर से तेज करने की मांग।

संवाद सूत्र, नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू)। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में 22 अगस्त 2025 को बरामद अज्ञात शव की पहचान को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।

जिस शव को झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव का समझकर उनके स्वजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वह उनका नहीं, बल्कि सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां का था।

फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की डीएनए जांच रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हुई है। इस खुलासे के बाद पुलिस जवान विजय उरांव के लापता होने का मामला फिर चर्चा में आ गया है। शव बरामद होने के बाद विजय उरांव के स्वजनों ने उसकी पहचान उनके रूप में की थी।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया था, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि, कुछ समय बाद कमारू गांव निवासी मंजू देवी ने थाने पहुंचकर दावा किया कि बरामद शव उनके लापता पति सुदामा भूइयां का है।

DNA रिपोर्ट में खुलासा

दो परिवारों के अलग-अलग दावों के बाद पुलिस ने सितंबर 2025 में दोनों परिवारों के डीएनए नमूने और पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए विसरा को जांच के लिए एफएसएल भेजा था।

डीएनए रिपोर्ट में शव की पहचान सुदामा भूइयां के रूप में हुई है। सुदामा 19 अगस्त 2025 से लापता थे। उनकी पत्नी मंजू देवी ने सतबरवा थाना में इसकी सूचना दी थी।

दूसरी ओर, पुलिस जवान विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे। आठ अगस्त 2025 को देवघर श्रावणी मेला में ड्यूटी के दौरान रेलवे स्टेशन से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे।

डीएनए रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि विजय उरांव का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। शव की पहचान को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण उनके स्वजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली राहत और मुआवजा राशि भी नहीं मिल सकी है।

अब स्वजनों ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से मिलकर जवान की तलाश तेज कराने की मांग करने की बात कही है।

यह भी पढ़ें- 80 हजार रुपए वापस नहीं मिलने पर फूंक दिया पिकअप, रांची से गिरफ्तार हुआ आरोपी

एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच होगी। बरामद शव पुलिस जवान विजय उरांव का नहीं, बल्कि सुदामा भूइयां का था। पुलिस इस रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

-

उत्तम कुमार राय, थाना प्रभारी, लेस्लीगंज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।