अब अस्पताल में डॉक्टरों को खोजने के लिए नहीं भटकेंगे मरीज, QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पूरी जानकारी
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सूचना प्रणाली शुरू की है। यह मरीजों को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की 24 घंटे की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराएगी, जिससे झारखंड का यह पहला सरकारी अस्पताल बन गया है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
क्यूआर कोड स्कैन कर मिलेगी डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की जानकारी।
झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बना मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज।
सच्चिदानंद, मेदिनीनगर (पलामू)। अस्पताल में डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को खोजने के लिए अब मरीजों और उनके परिजनों को भटकना नहीं पड़ेगा। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में नई पहल की है। अस्पताल में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सूचना प्रणाली शुरू की गई है।
इसके साथ ही ऐसी व्यवस्था लागू करने वाला यह झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है। इस व्यवस्था के तहत अस्पताल के विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। मरीज या उनके परिजन मोबाइल कैमरे अथवा गूगल लेंस से इसे स्कैन कर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
स्कैन करते ही मोबाइल पर एक वेब पेज खुलेगा, जिसमें संबंधित ओपीडी, इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों में तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की जानकारी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इस डिजिटल प्रणाली की खासियत यह है कि मरीजों को मोबाइल में अलग से कोई एप डाउनलोड नहीं करना होगा।
क्यूआर कोड स्कैन करने के अलावा उपलब्ध लिंक के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इसमें प्रतिदिन के ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कर्मियों का विवरण अपडेट किया जाता है। संबंधित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध रहेंगे। जरूरत पड़ने पर मरीज या उनके परिजन सीधे फोन कर संपर्क कर सकेंगे।अस्पताल के ओपीडी समेत सभी वार्डों में यह व्यवस्था लागू की गई है।
इससे मरीजों को संबंधित चिकित्सक की उपलब्धता जानने और स्वास्थ्यकर्मियों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। साथ ही अस्पताल में ड्यूटी व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। अस्पताल प्रबंधक सुनीत कुमार श्रीवास्तव ने इस क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सूचना प्रणाली को तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मरीजों को अस्पताल की सुविधाओं और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था से मरीजों को समय की बचत होगी और अस्पताल प्रबंधन को भी ड्यूटी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।