पलामू में लक्ष्मी पूजा में डीजे पर बवाल! पुलिस पर पथराव, 4 जवान घायल; आत्मरक्षा में चली 4 राउंड गोलियां
पलामू के रकसाहा गांव में लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे विवाद में दो गुटों में झड़प हो गई। स्थिति नियंत्रित ...और पढ़ें

पलामू में लक्ष्मी पूजा में डीजे पर बवाल
HighLights
लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ।
पुलिस पर पथराव में चार जवान घायल, वाहन क्षतिग्रस्त हुआ।
आत्मरक्षा में पुलिस ने करीब चार राउंड फायरिंग की।
संवाद सूत्र, बिश्रामपुर (पलामू)। रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में लक्ष्मी पूजा के दौरान सोमवार की रात दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद झड़प में बदल गया। स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें पुलिस के चार जवान घायल हो गए। वहीं, पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने करीब चार राउंड फायरिंग की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब नौ बजे डीजे बजाने सहित अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास करने लगी।
इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।
घटना में चार जवान घायल
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पर पुलिस बीच-बचाव करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस पर हमला किया गया। घटना में चार जवान घायल हुए हैं और पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद फिलहाल इलाके में शांति है। एहतियात के तौर पर पुलिस पूरे क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। मामला शांत होने के बाद ग्रामीणों ने प्रतिमा का विसर्जन किया। झड़प में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है, हालांकि उनकी पहचान सामने नहीं आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।