पलामू में काली पूजा विसर्जन के दौरान बवाल! पुलिस गाड़ियों पर पथराव, 3 जवान घायल; 142 लोगों पर FIR
पलामू के सिंदुरिया गांव में काली पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में विवाद हिंसक हो गया, जिसमें पथराव हुआ और पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
-1794291664085_m.webp)
पलामू में काली पूजा विसर्जन के दौरान बवाल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प।
पथराव में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, तीन जवान हुए घायल।
142 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, गांव में पुलिस बल तैनात।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। सदर प्रखंड की लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव किया गया। उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया।
पथराव में पुलिस की दो गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
दो अलग-अलग स्थानों पर काली पूजा
जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया गांव में इस वर्ष दो अलग-अलग स्थानों पर काली पूजा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। इनमें एक पक्ष ने पहली बार प्रतिमा स्थापित की थी, जबकि दूसरा पक्ष वर्षों से पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना करता आ रहा है। पहली बार प्रतिमा स्थापित करने वाले पक्ष का विसर्जन पहले ही संपन्न हो चुका था।
बताया जाता है कि रात करीब नौ बजे इस पक्ष के कुछ युवक डीजे की धुन पर नाचते हुए दूसरे पक्ष के विसर्जन जुलूस में पहुंच गए। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि, उस समय युवक अपने-अपने घर लौट गए और मामला शांत हो गया।
विसर्जन जुलूस के दौरान फिर बिगड़ा माहौल
बाद में स्थानीय मुखिया के नेतृत्व और पुलिस बल की मौजूदगी में पारंपरिक रूप से पूजा करने वाले पक्ष का विसर्जन जुलूस निकाला गया। जुलूस उसी रास्ते से गुजर रहा था, जहां दूसरे पक्ष ने पहली बार प्रतिमा स्थापित की थी।
इसी दौरान पहले हुई कहासुनी को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों और उनके वाहनों को भी निशाना बनाया। पथराव में पुलिस की दो गाड़ियों के शीशे टूट गए। घटना में तीन पुलिस जवानों के घायल होने की सूचना है।
42 नामजद समेत 100 अज्ञात पर प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में 42 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। झड़प और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पलामू में लक्ष्मी पूजा में डीजे पर बवाल! पुलिस पर पथराव, 4 जवान घायल; आत्मरक्षा में चली 4 राउंड गोलियां
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।