पलामू में Google Pay ठीक करने के नाम पर फ्रॉड, APK फाइल भेजकर ठग लिए 135000 रुपये
पलामू में एक दुकानदार गूगल पे की तकनीकी समस्या ठीक कराने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गया, ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गूगल पे ठीक कराने के नाम पर ठगी हुई।
दुकानदार के खाते से 1.35 लाख रुपये निकाले गए।
मेदिनीनगर की कोयल नदी में मिला अज्ञात शव।
संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। गूगल पे की तकनीकी समस्या दूर करने के नाम पर साइबर ठगों ने एक दुकानदार के बैंक खाते से 1 लाख 34 हजार 999 रुपये की निकासी कर ली। मामले में जवाहिर साव गली, वार्ड-8 निवासी दिनेश कुमार आनंद (54) ने 2 नवंबर 2026 को हुसैनाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, 14 अक्टूबर को उनकी दुकान में लगा गूगल पे स्कैनर काम नहीं कर रहा था। कस्टमर केयर से संपर्क करने पर नमन गुप्ता नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड करने को कहा।
फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल करीब एक घंटे तक हैक रहा। बाद में खाते की जांच करने पर तीन बार में 85 हजार, 35 हजार और 14,999 रुपये की निकासी का पता चला।
इसमें एचडीएफसी खाते से 85 हजार रुपये महेंद्र अहीरवार के नाम पर, जबकि एसबीआई खाते से 35 हजार और 14,999 रुपये साहीबा साहीबा के नाम पर ट्रांसफर किए गए।
पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत संख्या 33410560018238 है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
कोयल नदी में बहकर पहुंचा महिला का शव
मेदिनीनगर शहर के कोयल नदी में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव नदी में बहते हुए वार्ड नंबर 30 स्थित कसाब मोहल्ला के समीप नदी किनारे आकर रुक गया था। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी गई।
देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही शहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। महिला की उम्र और उसके नदी में पहुंचने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के आधार पर भी शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।