विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कस्तूरबा विद्यालय में छात्रा की संदिग्ध मौत, चतरा के हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली नौवीं की छात्रा; छुट्टी के बाद लौटी थी वापस

Published: Tue, 03 Nov 2026 10:40 AM (IST)

गिद्धौर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नौवीं की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

नौवीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा, आत्महत्या के कारणों का नहीं चल पाया है पता।

नौवीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा, आत्महत्या के कारणों का नहीं चल पाया है पता।

HighLights

  1. कस्तूरबा विद्यालय की नौवीं की छात्रा ने की आत्महत्या।

  2. हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी मिली मृत छात्रा।

  3. चतरा पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच।

संवाद सूत्र,गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां की नौवीं कक्षा की एक आवासीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल के कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका सिमरातरी गांव की रहने वाली थी।

छात्रा कुछ ही दिन पहले छुट्टी बिताकर वापस विद्यालय लौटी थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं।

भोजन के समय सहपाठियों की पड़ी नजर

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की है। रात लगभग 8:30 बजे छात्रावास में रहने वाली अन्य सभी छात्राएं भोजन करने के लिए नीचे डाइनिंग हॉल में गई थीं। इसी दौरान मृत छात्रा भोजन के लिए नीचे नहीं पहुंची, तो उसकी सहपाठियों ने चिंता जताते हुए उसे बुलाने के लिए कमरे का रुख किया।

जब सहपाठियों ने कमरे में जाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रा कमरे के भीतर फंदे से लटकी हुई थी। यह भयानक दृश्य देख घबराई छात्राओं ने तुरंत दौड़कर इसकी सूचना विद्यालय की शिक्षिकाओं और वार्डन को दी।

अस्पताल ले जाने के दौरान हुआ दुखद अंत

छात्राओं द्वारा सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शिक्षिकाओं और कर्मियों की मदद से फंदे से नीचे उतारकर छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गिद्धौर पहुंचाया गया।

वहां ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चतरा सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छुट्टी के बाद लौटी थी हॉस्टल, कारणों का नहीं हुआ खुलासा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा गत 28 नवंबर को ही अपने घर पर छुट्टी बिताने के बाद वापस विद्यालय लौटी थी। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि हंसती-खेलती बच्ची कुछ ही दिनों में ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका रोना सुनकर आसपास के लोगों का भी दिल पसीज रहा है।

प्रशासनिक अमला पहुंचा मौके पर, हर एंगल से हो रही जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार की रात ही अंचल अधिकारी अनंत श्यामन विश्वकर्मा और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री दलबल के साथ तुरंत कस्तूरबा विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हॉस्टल की अन्य छात्राओं तथा विद्यालय के स्टाफ से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

फिलहाल मृतका द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाए जाने के पीछे के असल कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सुसाइड नोट या अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है। साथ ही पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव या विद्यालय परिसर के किसी अन्य दबाव जैसे तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।