विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर घर सजाना पड़ेगा भारी, पेंट 10% तक महंगा; पुट्टी-प्राइमर के दाम भी बढ़े

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:39 AM (IST)

दीपावली पर घर की रंगाई-पुताई इस बार महंगी पड़ेगी। पेंट, पुट्टी और प्राइमर की कीमतों में 10% तक की बढ़ोतरी ...और पढ़ें

पेंट, पुट्टी और प्राइमर की कीमतों में 10% तक वृद्धि।

पेंट, पुट्टी और प्राइमर की कीमतों में 10% तक वृद्धि।

HighLights

  1. पेंट, पुट्टी और प्राइमर की कीमतों में 10% तक वृद्धि।

  2. मजदूरों की किल्लत से मजदूरी 700 से 1500 रुपये तक बढ़ी।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। दीपावली पर घर को नया रंग-रूप देने की तैयारी कर रहे लोगों को इस बार जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। पिछले एक साल में पेंट की कीमतों में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। लोकल से लेकर ब्रांडेड कंपनियों तक के पेंट महंगे हो गए हैं।

वहीं, पुट्टी और प्राइमर की कीमतों में वृद्धि ने भी रंगाई-पुताई का बजट बढ़ा दिया है। त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में पेंट की मांग बढ़ने लगी है। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।

ब्रांडेड पेंट 400 से 900 रुपये तक उपलब्ध

लक्ष्मी हार्डवेयर, रेड़मा के प्रोपराइटर प्रियदत देव ने बताया कि पिछले एक साल में पुट्टी की कीमत में करीब 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बाजार में ब्रांडेड पेंट 400 से 900 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।

वहीं, प्राइमर की कीमत 2000 से 4200 रुपये तक पहुंच गई है। इंटीरियर और एक्सटीरियर पेंट के 20 लीटर के पैक की कीमत 5000 से 12,000 रुपये तक है।

कंपनियां ग्राहकों की जरूरत और बजट के अनुसार, विभिन्न रंगों और फिनिश के विकल्प उपलब्ध करा रही हैं। ग्राहक इमल्शन, डिस्टेंपर और अन्य उत्पादों में से अपनी पसंद के अनुसार चयन कर रहे हैं। वहीं, दीवारों पर डिजाइनर पेंट कराने से खर्च और बढ़ जाता है।

युद्ध के कारण बढ़ीं कीमतें

प्रियदत देव ने बताया कि खाड़ी देशों में युद्ध के कारण इस साल की शुरुआत से ही पेंट की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। अब तक तीन बार कीमतों में तीन-तीन प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है।

कुल मिलाकर पेंट करीब 10 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। इसका असर पुट्टी और प्राइमर की कीमतों पर भी पड़ा है। ऐसे में लोगों को घर की रंगाई-पुताई के लिए पहले की तुलना में अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है।

मजदूरों की किल्लत, मजदूरी भी बढ़ी

रंगाई-पुताई के लिए मजदूरों की कमी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। पिछले एक साल में मजदूरी दरों में वृद्धि हुई है। पहले जो मजदूर 600 से 650 रुपये प्रतिदिन लेते थे, वे अब 700 रुपये तक मांग रहे हैं।

वहीं, त्योहार के दौरान मांग बढ़ने से मजदूरों की अग्रिम बुकिंग हो रही है। कई जगहों पर मजदूरी 1200 से 1500 रुपये तक पहुंच गई है। पेंट दुकानदार भी अपने यहां से सामान खरीदने वाले ग्राहकों को मजदूर उपलब्ध करा रहे हैं।

एक कमरे की रंगाई-पुताई में पांच हजार रुपये तक सामग्री पर खर्च

कारोबारियों के मुताबिक, 10 फीट लंबाई और 10 फीट चौड़ाई वाले एक कमरे की रंगाई-पुताई में इस बार करीब पांच हजार रुपये सामग्री पर खर्च हो रहे हैं। इसके अलावा मजदूरी के लिए लगभग 1500 रुपये देने पड़ रहे हैं। पेंट, पुट्टी, प्राइमर और मजदूरी की बढ़ती कीमतों के कारण इस बार त्योहार पर घर सजाना लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है।

रेड़मा निवासी प्रवीण तिवारी ने बताया कि इस बार उन्होंने अपने घर की रंगाई-पुताई कराने की योजना बनाई थी, लेकिन कीमतों में बढ़ोतरी और बारिश के कारण अब उन्होंने इसे टालने का फैसला किया है। 

यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी, रेलवे ने चलाईं 45 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; चेक करें रूट और टाइमिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।