विदेश से लौटे युवक से कराया जा रहा था 9वीं की छात्रा का निकाह, पलामू प्रशासन ने ऐन वक्त पर पहुंचकर बचाई जिंदगी
पलामू के चैनपुर में नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का बाल विवाह जिला प्रशासन ने ऐन वक्त पर रुकवा दिया। टीम ने नाबालिग को रेस्क्यू कर सखी वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा है और परिजनों की काउंसलिंग की है।

प्रशासन ने ऐन वक्त पर पहुंचकर बचाई जिंदगी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
प्रशासन ने नौवीं की छात्रा का बाल विवाह रुकवाया।
नाबालिग को रेस्क्यू कर सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।
पलामू में 35.4 प्रतिशत बाल विवाह के मामले दर्ज।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू में बाल विवाह का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चैनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा का निकाह कराया जा रहा था।
इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर निकाह रुकवा दिया। टीम ने नाबालिग को रेस्क्यू कर सखी वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा है।
गल्फ कंट्री में नौकरी करता है लड़का
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि चैनपुर क्षेत्र में एक नाबालिग का निकाह कराया जा रहा है। इसके बाद चाइल्डलाइन, अग्रगति और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई और नाबालिग को अपने संरक्षण में लिया।
बताया जाता है कि जिस युवक से छात्रा का निकाह कराया जा रहा था, वह हैदरनगर क्षेत्र का रहने वाला है और गल्फ कंट्री में नौकरी करता है। विदेश से लौटने के बाद उसका निकाह कराया जा रहा था। मामले में परिजनों और छात्रा की काउंसलिंग भी की गई है।
पलामू में 35.4 प्रतिशत शादियां बाल विवाह के दायरे में
पलामू में बाल विवाह की समस्या की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के आंकड़ों के अनुसार जिले में होने वाली 35.4 प्रतिशत शादियां बाल विवाह के दायरे में आती हैं।
वर्ष 2026 में अब तक जिले में 30 बाल विवाह रुकवाए जा चुके हैं। बाल विवाह रोकने के लिए अनुमंडल स्तर पर भी टीमों का गठन किया गया है। अग्रगति, चाइल्डलाइन और जिला बाल संरक्षण इकाई की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
बाल विवाह रुकवाने के दौरान कई बार प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा है। वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में चैनपुर थाना क्षेत्र में ही बाल विवाह रोकने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। इस दौरान अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई थी।
चैनपुर में बाल विवाह को रुकवा दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग लड़की और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी की गई है। - रवि शंकर, सदस्य, बाल कल्याण समिति
यह भी पढ़ें- पलामू में घर में घुसकर युवती से अभद्रता, विरोध करने पर मां-बाप और बेटी को टांगी से काटा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।