लोहरदगा के खखपरता गांव में पेड़ से लटकता मिला 27 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
लोहरदगा के खखपरता गांव में 27 वर्षीय राजेश उरांव का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

युवक का मिला शव। (जागरण)
HighLights
लोहरदगा में 27 वर्षीय युवक का शव पेड़ से मिला।
स्वजन मौत को संदिग्ध मान रहे, पुलिस जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत खखपरता गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां श्याम उरांव के 27 वर्षीय पुत्र राजेश उरांव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
युवक का शव उसके घर के समीप ही एक पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ मिला। सोमवार सुबह-सुबह शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने युवक के शव को पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना स्वजनों और स्थानीय पुलिस को दी।

युवक की मौत को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं बनी हैं। स्वजन इसे संदिग्ध मान रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम उपरांत स्वजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर हत्या का मामला है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।
