लोहरदगा में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 5 थाना प्रभारियों समेत 9 दारोगा का तबादला; देखें पूरी लिस्ट
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने जिले में पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए पांच थाना प्रभारियों समेत नौ पुलिस ...और पढ़ें

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने किया नौ पुलिस अधिकारियों का तबादला।
HighLights
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने किया नौ पुलिस अधिकारियों का तबादला।
मनोज कुमार को लोहरदगा थाना से हटाकर सेन्हा थाना प्रभारी बनाया गया।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी ने जिले के पांच थाना प्रभारियों समेत नौ पुलिस अवर निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है।
सभी पुलिस अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 25 सितंबर को जारी ज्ञापांक 4936/गो. के अनुसार, लोहरदगा, सेन्हा, कुडू, किस्को और कैरो थानों में नए प्रभारियों की तैनाती की गई है। स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए दायित्व के अनुसार योगदान देकर इसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
किसे मिली कहां की जिम्मेदारी?
मनोज कुमार को लोहरदगा थाना से हटाकर सेन्हा थाना प्रभारी बनाया गया है। जबकि कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार को तकनीकी शाखा भेजा गया है। तकनीकी शाखा के प्रभारी वारिस हुसैन को किस्को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा अब कुडू थाना संभालेंगे। किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार साधु को लोहरदगा थाना भेजा गया है।
इसी तरह बगड़ू थाना प्रभारी दिनेश कुमार का स्थानांतरण लोहरदगा थाना किया गया है। सेन्हा थाना में पदस्थापित अविनाश राम को बगड़ू थाना प्रभारी बनाया गया है। कैरो थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी को सेन्हा थाना भेजा गया है। वहीं लोहरदगा थाना में पदस्थापित रवि रंजन कुमार को कैरो थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रभार में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने सभी पुलिस अधिकारियों को अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया है। नए थाना प्रभारियों को सात दिनों के भीतर थाना मालखाना का प्रभार ग्रहण करने तथा लंबित कांडों से संबंधित आवश्यक प्रभार नियमानुसार सौंपने को कहा गया है।
एसपी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मालखाना अथवा कांडों का प्रभार समय पर नहीं सौंपने या ग्रहण नहीं करने पर संबंधित थाना प्रभारी और मालखाना प्रभारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लातेहार स्वास्थ्य विभाग में 13 लिपिकों का तबादला, तीन दिन में नए स्थान पर देना होगा योगदान
यह भी पढ़ें- JBVNL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला; देखें सूची
