लोहरदगा में कुएं में तैरती मिली लापता युवक की लाश, परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या का लगाया आरोप
लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र के भड़गांव में एक कुएं से लापता युवक सुलेमान अंसारी का शव मिला है। परिजनों ...और पढ़ें

कुएं में तैरती मिली लापता युवक की लाश
HighLights
लोहरदगा के भड़गांव में कुएं से मिला युवक का शव।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय सुलेमान अंसारी के रूप में हुई।
परिजनों ने भूमि विवाद में हत्या की आशंका जताई है।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा)। सेन्हा थाना क्षेत्र के भड़गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मंगरा उरांव के कुएं में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान गांव के ही स्वर्गीय हुसैन अंसारी के 37 वर्षीय पुत्र सुलेमान अंसारी के रूप में हुई है। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक के स्वजनों ने खानदान के लोगों के साथ लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद को हत्या की वजह बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हत्या कर शव कुएं में फेंका
स्वजनों को आशंका है कि विवाद के कारण सुलेमान की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। सुलेमान भड़गांव चौक स्थित एक किराना दुकान में काम करता था। वह रविवार से घर से लापता था। उसकी पत्नी पिछले चार महीने से बच्चों के साथ मायके में रह रही है।
पुलिस ने स्वजनों को समझाया
शव मिलने के बाद कुछ ग्रामीण और स्वजन सड़क जाम करने की बात कहने लगे। इस पर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने लोगों को समझाते हुए कानून पर भरोसा रखने की बात कही।

उन्होंने कहा कि मामले में दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। रविवार शाम युवक को गांव में घूमते देखा गया था, इसके बाद से वह लापता था। स्वजनों की ओर से आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
चौकीदार की कमी से पुलिस को परेशानी
घटना के दौरान थाना में एक भी चौकीदार नहीं होने के कारण पुलिस को शव निकालने और अन्य आवश्यक कार्रवाई में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- लोहरदगा में उद्योगपति की कार और घर में लगी भीषण आग, बालकनी से कूदकर परिवार ने बचाई जान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।