विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहरदगा में उद्योगपति की कार और घर में लगी भीषण आग, बालकनी से कूदकर परिवार ने बचाई जान

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:48 AM (IST)

लोहरदगा में एक उद्योगपति के घर के बाहर खड़ी कार में आग लग गई, जो बाहरी कमरे तक फैल गई। ...और पढ़ें

लोहरदगा में उद्योगपति की कार और घर में लगी भीषण आग। जागरण

लोहरदगा में उद्योगपति की कार और घर में लगी भीषण आग। जागरण

HighLights

  1. लोहरदगा में उद्योगपति की कार और घर में लगी भीषण आग।

  2. आग से करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख।

जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ पर शहर के मिशन चौक के पास सोमवार अहले सुबह एक उद्योगपति के घर के बाहर खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर की खिड़की के रास्ते बाहरी कमरे तक पहुंच गई। इस कमरे में कंपनी का कार्यालय संचालित था।

आग की लपटों और धुएं से पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस घटना में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।

Lohardaga fire incident

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उद्योगपति दीपक कुमार जायसवाल के घर के बाहर खड़ी टायगून कार संख्या जेएच01जीडी-0002 में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि घर की खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश कर गईं। इससे कमरे में संचालित कंपनी के कार्यालय में रखे सामान और फर्नीचर में आग लग गई।

आसपास के लोगों ने जब कार और घर की खिड़की से आग की लपटें उठती देखीं तो तत्काल दीपक कुमार जायसवाल उर्फ बंटू, पंकज जायसवाल और परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज देकर जगाया।

Lohardaga fire incident

बालकनी से पड़ोसी की छत पर कूदकर बचाई जान

आग लगने के दौरान घर में धुआं तेजी से फैल गया था। स्थिति ऐसी हो गई थी कि परिवार के सदस्यों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इस बीच पंकज जायसवाल ने सूझबूझ दिखाते हुए ऊपरी मंजिल की बालकनी से बगल के घर की छत पर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को भी सुरक्षित बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई।

Lohardaga fire incident

जान जोखिम में डालकर परिवार को घर से निकाला बाहर

घर में धुआं भर जाने के कारण परिवार के सदस्य घुटन महसूस कर रहे थे। ऐसे मुश्किल समय में पंकज जायसवाल ने अपनी जान की परवाह किए बिना कमरे का दरवाजा खोलने में सफलता पाई। इसके बाद उन्होंने अपनी मां, पत्नी, बेटे, बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। इस तरह दीपक कुमार जायसवाल और पंकज जायसवाल का पूरा परिवार सुरक्षित बच गया।

Lohardaga fire incident

कार और फर्नीचर समेत 50 लाख का नुकसान

इस अग्निकांड में परिवार की करीब 25 लाख रुपये मूल्य की कार जलकर राख हो गई। वहीं, घर के कमरे में लगा एयर कंडीशनर और करीब 25 लाख रुपये के फर्नीचर समेत अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। धुएं के कारण दीपक कुमार जायसवाल और उनके पुत्र प्रियश जायसवाल की तबीयत प्रभावित हुई।

Lohardaga fire incident

दमकल पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने बुझाई आग

घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग का वाहन मौके पर पहुंचा। हालांकि, दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया था। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। 

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: सिवनी में 3 मंजिला मकान में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।